Hindi News / sports / पिछले मैच में चोट से बढ़ी चिंता: क्या आज मैदान में उतरेंगे वैभव...

पिछले मैच में चोट से बढ़ी चिंता: क्या आज मैदान में उतरेंगे वैभव सूर्यवंशी? टीम ने दिया बड़ा अपडेट

IPL News: पिछले मैच में चोट के बाद वैभव सूर्यवंशी की फिटनेस को लेकर फैंस चिंतित हैं। क्या तूफानी शतक लगाने वाला यह युवा ओपनर आज का मैच खेलेगा या नहीं? जानिए उनकी ताजा स्थिति…

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 28, 2026, 11:44:58 AM

पिछले मैच में चोट से बढ़ी चिंता: क्या आज मैदान में उतरेंगे वैभव सूर्यवंशी? टीम ने दिया बड़ा अपडेट

- फ़ोटो

IPL 2026: आईपीएल के मौजूदा सीजन में धमाकेदार प्रदर्शन कर रहे वैभव सूर्यवंशी को लेकर फैंस के मन में बड़ा सवाल था, क्या वह आज के मैच में खेलेंगे? पिछले मुकाबले में उनकी फिटनेस को लेकर चिंता बढ़ गई थी, लेकिन अब इस पर बड़ा अपडेट सामने आया है।


दरअसल, राजस्थान रॉयल्स के इस युवा ओपनर ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में 25 अप्रैल को तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 36 गेंदों में शतक जड़ दिया था। उनकी इस पारी ने उन्हें चर्चा के केंद्र में ला दिया। यह उनके आईपीएल करियर का दूसरा शतक था, जो एक अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी के तौर पर खास रिकॉर्ड माना जा रहा है।


हालांकि, उसी मैच के दौरान एक पल ऐसा आया जब फैंस की धड़कनें बढ़ गईं। बल्लेबाजी के बाद जब वैभव मैदान पर फील्डिंग के लिए उतरे, तो कुछ ही देर में उन्हें दर्द की शिकायत हुई और दो साथी खिलाड़ियों के सहारे मैदान से बाहर जाना पड़ा। इसके बाद वह पूरे मैच में फील्डिंग नहीं कर पाए, जिससे उनकी चोट को लेकर अटकलें तेज हो गईं।


अब सवाल यह था कि 28 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में वह उपलब्ध रहेंगे या नहीं। इसको लेकर जो जानकारी सामने आई है, वह फैंस के लिए राहत भरी है।


बताया गया है कि वैभव सूर्यवंशी को कोई गंभीर चोट नहीं लगी थी। उन्हें तेज गर्मी की वजह से क्रैंप आ गया था, जिसके कारण उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। अब वह पूरी तरह फिट हैं और मैच खेलने के लिए तैयार हैं। टीम मैनेजमेंट ने भी साफ कर दिया है कि उनकी स्थिति सामान्य है।


इतना ही नहीं, राजस्थान रॉयल्स ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें वैभव नेट्स में अभ्यास करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह बड़े-बड़े शॉट्स खेलते दिखे, जिससे साफ है कि उनकी फिटनेस अब पूरी तरह ठीक है।


अगर उनके इस सीजन के प्रदर्शन की बात करें, तो उन्होंने 8 मैचों की 8 पारियों में 357 रन बनाए हैं। उनका औसत 44.62 का है, जबकि स्ट्राइक रेट 234.87 का है, जो किसी भी बल्लेबाज के लिए बेहद शानदार माना जाता है। खास बात यह है कि उन्होंने इस सीजन चौकों से ज्यादा छक्के लगाए हैं, 31 चौकों के मुकाबले 32 छक्के उनके नाम हैं।


वह इस समय ऑरेंज कैप की रेस में भी मजबूती से बने हुए हैं। उनसे आगे केएल राहुल और अभिषेक शर्मा हैं। अगर आज के मैच में वह 24 रन बना लेते हैं, तो ऑरेंज कैप उनके सिर पर सज सकती है।