1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 29, 2026, 3:14:46 PM
- फ़ोटो Google
Bihar News: सीवान के राजद नेता एवं व्यवसायी अरुण गुप्ता के चार ठिकानों पर रविवार को सेल्स टैक्स विभाग की टीम ने एक साथ सर्वे की कार्रवाई की। विभाग की अलग-अलग टीमें विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और संबंधित परिसरों में पहुंचीं तथा कर संबंधी दस्तावेज, खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड, बिल और अन्य कारोबारी अभिलेखों की गहन जांच की।
सर्वे के दौरान हरदिया मोड़ स्थित वीआईपी मॉल, मैरवा थाना क्षेत्र के मैरवा बाजार स्थित वीआईपी प्रतिष्ठान, पचरूखी थाना क्षेत्र के उम्मेद पैलेस सह रेस्टोरेंट समेत अन्य ठिकानों पर जांच की गई। अधिकारियों ने जीएसटी रिटर्न, स्टॉक रजिस्टर, कंप्यूटर में उपलब्ध डिजिटल रिकॉर्ड तथा वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों का मिलान किया। टीम ने जांच के लिए आवश्यक दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर उनकी पड़ताल शुरू कर दी है।
हालांकि, सर्वे के दौरान किसी प्रकार की कर चोरी या अनियमितता की पुष्टि अथवा किसी जब्ती को लेकर सेल्स टैक्स विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, यह नियमित जांच प्रक्रिया का हिस्सा है। सर्वे की रिपोर्ट और दस्तावेजों के परीक्षण के बाद ही तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। जांच पूरी होने तक विभाग ने विस्तृत टिप्पणी करने से इनकार किया है।
इधर, सर्वे की सूचना मिलते ही संबंधित परिसरों के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। इस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक और कारोबारी हलकों में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। फिलहाल, विभाग सर्वे के दौरान जुटाए गए दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड का परीक्षण कर रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किसी प्रकार की कर अनियमितता मिली है या नहीं और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।