Hindi News / bihar / saharsa-news / 'नशा मुक्त कोशी' अभियान के तहत ताबड़तोड़ कार्रवाई, एक हफ्ते में 61 गिरफ्तार

'नशा मुक्त कोशी' अभियान के तहत ताबड़तोड़ कार्रवाई, एक हफ्ते में 61 गिरफ्तार

कोशी क्षेत्र में चलाए जा रहे 'नशा मुक्त कोशी' अभियान के तहत सहरसा, सुपौल और मधेपुरा पुलिस ने 20 से 26 जून 2026 के बीच 61 तस्करों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 1,829 लीटर से अधिक शराब, गांजा, स्मैक, कफ सिरप और लाखों रुपये की बरामदगी की गई।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 29, 2026, 6:34:52 PM

बिहार न्यूज

कोशी क्षेत्र में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा - फ़ोटो सोशल मीडिया

SAHARSA: सरकार के निर्देश पर चलाए जा रहे "नशा मुक्त कोशी" अभियान के तहत कोशी क्षेत्र पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) कार्यालय, कोशी क्षेत्र, सहरसा द्वारा जारी साप्ताहिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 20 जून से 26 जून 2026 के बीच सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में व्यापक कार्रवाई करते हुए 61 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।



पुलिस ने इस दौरान 1,829.535 लीटर अवैध शराब, 24.350 किलोग्राम गांजा, 262.73 ग्राम स्मैक, 34.8 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरप और 47,780 रुपये नकद बरामद किए। साथ ही 11 मोटरसाइकिल, एक तिपहिया वाहन, एक चारपहिया वाहन और एक नाव भी जब्त की गई।


प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, फरवरी 2026 में अभियान शुरू होने के बाद से अब तक 47,346.945 लीटर शराब, 2,125.32 लीटर कफ सिरप, 3,973.877 किलोग्राम गांजा, 4,100.84 ग्राम स्मैक, 3,256 एमएल नशीला इंजेक्शन, 120 नशीली गोलियां, दो विदेशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, तीन मैगजीन, पांच कारतूस, एक कार, दो नाव तथा 52.63 लाख रुपये से अधिक भारतीय मुद्रा बरामद की जा चुकी है। इस अवधि में 1,341 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।


डीआईजी कार्यालय ने आम लोगों से अपील की है कि नशा कारोबार से जुड़ी किसी भी सूचना हेल्पलाइन नंबर 9060384865 पर कॉल, मैसेज या व्हाट्सएप के माध्यम से दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा उपयोगी सूचना देने वालों को सम्मानित एवं पुरस्कृत भी किया जाएगा।