1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 29, 2026, 10:52:57 PM
जांच में जुटी पुलिस - फ़ोटो AI-generated image
SIWAN: बिहार के सीवान जिले से बड़ी खबर आ रही है। जहां दरौंदा थाना क्षेत्र में आर्केस्ट्रा में काम करने वाली नर्तकी के साथ कथित तौर पर गैंगरेप का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने उसे अपने संरक्षण में लेकर मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा और पूरे मामले की छानबीन शुरू की।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि रविवार देर रात पीड़िता अपने किराये के मकान में सो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान नशे की हालत में चार युवक उसके घर में घुस आए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद आरोपितों ने पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। किसी तरह आरोपितों के जाने के बाद पीड़िता दरौंदा थाना पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पीड़िता को अपने संरक्षण में लेते हुए मेडिकल जांच के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
प्रभारी थानाध्यक्ष मोहन कुमार निराला ने बताया कि पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि समाचार लिखे जाने तक इस मामले में लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था। आवेदन और मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।