1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 29, 2026, 10:16:09 PM
पायलट की सूझबूझ से बची 150 जिंदगियां - फ़ोटो AI-generated image
DARBHANGA: इस वक्त की बड़ी खबर दरभंगा से आ रही है, जहां दरभंगा एयरपोर्ट पर सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया। मुंबई से दरभंगा पहुंची स्पाइसजेट की फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान विमान का टायर फट गया। हालांकि पायलट की सूझबूझ और सतर्कता के कारण विमान को सुरक्षित रोक लिया गया, जिससे करीब 150 यात्रियों की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे मुंबई से आई स्पाइसजेट की फ्लाइट जैसे ही दरभंगा एयरपोर्ट के रनवे पर उतरी, उसी दौरान विमान के एक टायर में तकनीकी खराबी आ गई और वह फट गया। टायर फटने के बाद विमान का पहिया कुछ दूरी तक रनवे पर घिसटता रहा, जिससे विमान के अंदर बैठे यात्रियों में अफरातफरी मच गई।
अचानक हुए तेज झटकों और कंपन के कारण यात्री घबरा गए, लेकिन पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए विमान पर नियंत्रण बनाए रखा और उसे सुरक्षित रोक लिया। घटना के बाद एयरपोर्ट के सुरक्षा कर्मी और ग्राउंड स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचे तथा सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद क्षतिग्रस्त विमान को तकनीकी जांच के लिए एयरपोर्ट के एप्रन में खड़ा कर दिया गया। इसके कारण एयरपोर्ट पर पार्किंग की समस्या उत्पन्न हो गई। शाम करीब साढ़े छह बजे तक स्पाइसजेट का विमान एप्रन में खड़ा रहने से दिल्ली से दरभंगा आने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट को एहतियातन पटना डायवर्ट करना पड़ा। बाद में स्थिति सामान्य होने पर उक्त विमान पटना से दरभंगा पहुंचा और यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुआ।
इसी बीच, सोमवार को मुंबई से दरभंगा पहुंची अकासा एयर की फ्लाइट में भी तकनीकी खराबी सामने आई। जांच के लिए अकासा का विमान भी एप्रन में खड़ा कर दिया गया। स्पाइसजेट और अकासा एयर के दो विमान एप्रन में खड़े रहने से एयरपोर्ट का संचालन प्रभावित रहा।
सूत्रों के अनुसार, दोनों विमानों की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद ही उन्हें उड़ान भरने की अनुमति दी जाएगी। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपनी उड़ान से संबंधित ताजा जानकारी संबंधित एयरलाइन से प्राप्त करने की अपील की है। संभावना जताई जा रही है कि मंगलवार को भी उड़ान सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित रह सकती हैं।

