Hindi News / religion / राज्यसभा के रास्ते होगी निशांत कुमार की सियासी एंट्री? सीएम नीतीश कुमार के...

राज्यसभा के रास्ते होगी निशांत कुमार की सियासी एंट्री? सीएम नीतीश कुमार के सबसे खास मंत्री का बड़ा बयान

Bihar Politics: बिहार में राज्यसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की राजनीतिक एंट्री पर चर्चा तेज। जेडीयू के कार्यकर्ता चाहते हैं कि निशांत पार्टी में शामिल हों और राज्यसभा के रास्ते राजनीति में कदम रखें।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Mar 03, 2026, 10:46:11 AM

Bihar Politics

निशांत की सियासी एंट्री - फ़ोटो Google

Bihar Politics: बिहार की सियासत में एक बार फिर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की राजनीतिक एंट्री की चर्चा तेज हो गई है। लंबे समय से जेडीयू के कार्यकर्ता भी मांग कर रहे हैं मुख्यमंत्री के बेटे निशांत को पार्टी की कमान संभालनी चाहिए। अब जब राज्यसभा का चुनाव सिर पर है तो एक बार फिर से निशांत कुमार की सियासी एंट्री को लेकर कयासों का बाजार गर्म हो गया है। सीएम के सबसे खास मंत्री का इसपर बयान आया है।


दरअसल, इस महीने के अंत में बिहार की पांच सीटों के लिए राज्यसभा के चुनाव होने हैं। पांच सीटों में से दो जेडीयू और दो बीजेपी के खाते में जानी पक्की है वहीं एक सीट को लेकर गठबंधन के अंदर रणनीति तय की जा रही है। इसी बीच सियासी गलियारों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की भी चर्चा तेज हो गई है और कहा जा रहा है कि राज्यसभा के रास्ते निशांत की सियासत में एंट्री हो सकती है।


इसको लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सबसे करीबी मंत्री विजय कुमार चौधरी का बयान आया है। उन्होंने कहा है कि राज्यसभा चुनाव में एक चीज तो पक्की है कि सभी पांच सिटों पर एनडीए की जीत होगी। अभी तक जो संख्या गणित है उसके हिसाब से कम से कम दो सीटें जेडीयू के खाते में भी आनी चाहिए और उन दो सीटों पर जेडीयू की तरफ से कौन उम्मीदवार होगा, इसका फैसला सिर्फ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को करना है।


उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जेडीयू के सर्वमान्य नेता हैं और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। इसलिए उन्हें ही तय करना है कि राज्यसभा कौन जाएंगे लेकिन निशांत कुमार के राजनीति में आने की बात पूरी पार्टी में चल रही है। पार्टी के सभी कार्यकर्ता चाहते हैं कि निशांत राजनीति में आएं और जिस दिन भी वह आते हैं तो पूरी पार्टी उनका स्वागत करेगी।


वहीं मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि विधायक, सांसद और कार्यकर्ता सभी चाहते थे कि निशांत कुमार बिहार की राजनीति में सक्रिय रूप से शामिल हों। उन्होंने बताया कि जिस तरह से मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि निशांत का राजनीति में प्रवेश होने जा रहा है, यह पूरे पार्टी और राज्य के लिए बहुत बड़ी बात है। आने वाले दिनों में निशांत पार्टी की कमान संभालेंगे और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समान नेतृत्व दिखाएंगे।


अशोक चौधरी ने आगे कहा कि यह खबर पार्टी के लिए खुशी की बात है। निशांत कुमार के आने से पार्टी मजबूत होगी और कार्यकर्ताओं का मनोबल और बढ़ेगा। उनके प्रवेश को बिहार की राजनीति में नए युग की शुरुआत के रूप में देखा जा सकता है। जब उनसे पूछा गया कि क्या निशांत कुमार राज्यसभा जाएंगे, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका फैसला सिर्फ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे।