1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 23, 2026, 1:45:20 PM
तेज प्रताप यादव का बड़ा फैसला - फ़ोटो Google
Bihar Politics: जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने अपने निजी सहायक और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मोतीलाल यादव पार्टी से निष्कासित कर दिया है। साथ ही, पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश संगठन को भी तत्काल प्रभाव से भंग करने की घोषणा की है।
तेज प्रताप यादव ने चोरी का आरोप लगाते हुए पटना के सचिवालय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, सचिवालय थाने में दर्ज एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि मोतीलाल यादव पटना स्थित 42 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास से लाखों रुपये नकद, सोने के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर फरार हो गए। घटना 22 जून की रात की बताई जा रही है।
तेज प्रताप यादव ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर इस कार्रवाई की जानकारी साझा करते हुए बताया कि मोतीलाल यादव को तत्काल प्रभाव से पार्टी के सभी पदों और जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन को भंग कर जल्द ही नई टीम का गठन किया जाएगा।
एफआईआर के अनुसार, आवास में रखी आलमारी से पार्टी फंड के करीब 20 लाख रुपये नकद, दो तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी समेत कई कीमती सामान चोरी किए गए हैं। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि चार नए ड्रोन, दो हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक लैपटॉप, एक लेनोवो लैपटॉप और चार आईफोन 17 प्रो मैक्स मोबाइल फोन भी गायब हैं। चोरी हुए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
तेज प्रताप यादव ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि घटना वाली रात उनके चालक और एक सहयोगी ने मोतीलाल यादव को एक बैग के साथ आवास परिसर से बाहर जाते हुए देखा था। बाद में जब घर में रखे सामान की जांच की गई तो नकदी और अन्य कीमती वस्तुएं गायब मिलीं। मामले की सूचना मिलते ही सचिवालय थाना पुलिस और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी है।