1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 01, 2026, 1:18:15 PM
- फ़ोटो Social media
Bihar Politics: पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड, जो बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का सरकारी आवास रहा है, इन दिनों राजनीतिक विवाद का केंद्र बना हुआ है। आवास खाली करने का नोटिस मिलने के बावजूद राबड़ी देवी के वहां बने रहने को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बयानबाजी जारी है।
यह बंगला बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया गया है। हाल ही में मंत्री ने आरोप लगाया था कि उनके दलित होने के कारण राबड़ी देवी आवास खाली नहीं कर रही हैं। उनके इस बयान के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की नेता और राबड़ी देवी की बेटी रोहिणी आचार्या ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
रोहिणी आचार्या ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि दलित विरोध भाजपा की मूल विचारधारा का हिस्सा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में दलितों के खिलाफ उत्पीड़न और अत्याचार की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं, जो इस मानसिकता को दर्शाती हैं।
रोहिणी ने अपने पोस्ट में लिखा, “दलित विरोध तो भाजपा की उत्पत्ति के मूल में है ..दलित विरोध , दलितों के प्रति घृणा , द्वेष, भेदभाव वाली विचारधारा - सोच तो भाजपा की उत्पत्ति के मूल में ही है , भाजपा के लोगों के द्वारा दिए गए सैंकड़ों दलित विरोधी घटिया बयानों और भाजपा शासित प्रदेशों में निरंतर बढ़ती दलित उत्पीड़न एवं अत्याचार की घटनाओं से ये साबित भी होता है , पिछले ही वर्ष ( २०२५ ) के अक्टूबर महीने में मध्यप्रदेश के भिंड में भाजपाई गुंडों के द्वारा ड्राइवर का काम करने वाले एक दलित युवक को निर्ममता से पीटे जाने के पश्चात् जबरन पेशाब पिलाए जाने की मानवता को शर्मसार करने वाली घटना को देश अभी भूला नहीं है ..
पूरी दुनिया इस सच से वाकिफ है कि "भाजपा में ऊपर से नीचे तक दलित विरोधी मानसिकता वालों का कब्ज़ा है" और ऐसे ही लोगों के उकसावे और दबाब में आ कर बिहार सरकार के मंत्री श्री नंद किशोर राम जी कह रह रहे हैं कि "श्रीमती राबड़ी देवी जी उनके ( मंत्री जी के ) दलित होने की वजह से बंगला नहीं खाली कर रही हैं " ..
ऐसा कहते हुए मंत्री जी ये भूल रहे हैं कि श्रीमती राबड़ी देवी जी उन लालू यादव जी की पत्नी हैं , जिन्होंने वंचितों , दलितों और हाशिए पर खड़ी आबादी को अपने अधिकार के लिए आवाज़ उठाने , लड़ने की ताकत दी , लालू जी के साथ - साथ राबड़ी देवी जी ने भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में , मुख्यधारा की राजनीति में दलितों - वंचितों की अहम्, सक्षम एवं सार्थक भागीदारी सुनिश्चित करवायी .. लालू यादव जी एवं राबड़ी देवी जी ने दलित समुदाय से आने वाले दर्जनों लोगों, महिलाओं एवं पुरुषों , को संसद - विधानसभा - विधान परिषद् का माननीय सदस्य, मंत्रिमंडल का हिस्सा बनना सुनिश्चित करवाया ..
श्रीमती राबड़ी देवी जी पर झूठा दोषारोपण करने की बजाए मंत्री नंद किशोर राम जी को तो लालू यादव जी एवं राबड़ी देवी जी का शुक्रगुजार होना चाहिए , अगर लालू यादव जी और राबड़ी देवी जी का दलितों - वंचितों के उत्थान के लिए निरंतर किया गया प्रयास नहीं होता तो शायद आज नंद किशोर राम जी मंत्री भी नहीं होते..
नंद किशोर राम जी .. राबड़ी देवी जी पर बंगला खाली करने का गैरवाजिब दबाब इसी लिए ही तो बना रही है भाजपाई सम्राट सरकार क्यूंकि वो दलितों - वंचितों की हक़ की लड़ाई लड़ती हैं , उनके लिए आवाज उठाती हैं और राबड़ी देवी जी एवं लालू जी भाजपा के दलित विरोधी नापाक मंसूबों को कामयाब नहीं होने देने की राह में सबसे बड़ी बाधा हैं ..”.