1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 01, 2026, 5:39:45 PM
कहां गायब हो गए दोनों बच्चे? - फ़ोटो Reporter
Patna News: राजधानी पटना के रामकृष्णा नगर थाना अंतर्गत मंगलचौक के रहने वाले दो मासूम बच्चों के अचानक लापता होने से परिवारों में मातम पसरा हुआ है। बच्चों की तलाश में भटक रहे परिजन जब थाने से निराश हुए तो न्याय और मदद की गुहार लेकर सीधे एसएसपी कार्यालय पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि 29 मई को एक ही मोहल्ले के एक बच्चा और एक बच्ची रहस्यमय तरीके से लापता हो गए। घटना के बाद से दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि बच्चों के गायब होने के बाद उन्होंने तुरंत स्थानीय थाना पुलिस से मदद मांगी, लेकिन उनकी शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं की गई।
इसी से नाराज़ और परेशान परिजन सोमवार को पटना एसएसपी कार्यालय पहुंची है और बच्चों की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाने पहुंची है। एसएसपी कार्यालय के बाहर बिलखती मांओं का दर्द हर किसी को झकझोर रहा था। अपने बच्चों की तलाश में बेसुध माताएं लगातार पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करती रहीं।
परिजनों का आरोप है कि अगर पुलिस शुरुआत से सक्रिय होती तो शायद अब तक बच्चों का कोई सुराग मिल गया होता। फिलहाल परिवार वालों की एक ही मांग है कि पुलिस जल्द से जल्द दोनों बच्चों को ढूंढकर सुरक्षित घर वापस लाए। इस घटना के बाद इलाके के स्थानीय लोग भी बच्चों की तलाश तेज करने और मामले में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।