Hindi News / bihar / muzaffarpur-news / CM सम्राट चौधरी के दौरे को लेकर मुजफ्फरपुर में हाई अलर्ट, कमिश्नर और...

CM सम्राट चौधरी के दौरे को लेकर मुजफ्फरपुर में हाई अलर्ट, कमिश्नर और एसएसपी ने लिया तैयारियों का जायजा

मुजफ्फरपुर के गोसाईंपुर पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व अन्य तैयारियां पूरी कर ली हैं। शिविर में जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा।

1st Bihar Published by: MANOJ KUMAR Updated Jun 01, 2026, 7:43:08 PM

बिहार न्यूज

मुजफ्फरपुर में 'सहयोग शिविर' की तैयारियां पूरी - फ़ोटो रिपोर्टर

MUZAFFARPUR: बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत मुजफ्फरपुर जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र स्थित गोसाईंपुर पंचायत सरकार भवन में 'सहयोग शिविर' का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ राज्य सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और आला अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम की शुरुआत कल सुबह 11:00 बजे से होगी। मुख्यमंत्री के आगमन और कार्यक्रम की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह मुस्तैद हो गया है।


सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लेने के लिए तिरहुत प्रमंडल के कमिश्नर गिरीवर दयाल सिंह स्वयं गोसाईंपुर पंचायत सरकार भवन पहुंचे। उनके साथ जिले के तमाम आलाधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद कमिश्नर गिरीवर दयाल सिंह ने बताया कि जनता की समस्याओं को सुलझाने के लिए प्रशासन बेहद गंभीर है। उन्होंने साझा किया कि शिविर के आयोजन से पहले ही जिला प्रशासन के स्तर से दर्जनों मामलों का सफलतापूर्वक निपटारा किया जा चुका है। कमिश्नर ने कहा, "कल शिविर में आदरणीय मुख्यमंत्री स्वयं मौजूद रहेंगे। इस दौरान जनता की शिकायतों को सीधे सुना जाएगा और गंभीर मामलों का ऑन-द-स्पॉट निपटारा किया जाएगा।"


मुख्यमंत्री की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने स्पष्ट किया कि सीएम के आगमन को लेकर सुरक्षा की अभेद्य तैयारी पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल और आस-पास के इलाकों में पर्याप्त मात्रा में पुलिस मुख्यालय तथा जिला स्तर से भारी पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। सुरक्षा कारणों और वीआईपी मूवमेंट के मद्देनजर क्षेत्र के कई मार्गों में ट्रैफिक बदलाव (रूट डायवर्जन) भी किया गया है, ताकि आम जनता और अतिथियों को कोई परेशानी न हो।


प्रशासन और पुलिस का संयुक्त सामंजस्य: एसएसपी ने जोर देकर कहा कि सहयोग शिविर को सफल बनाने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन की टीम आपसी बेहतरीन सामंजस्य बैठाकर काम कर रही है। कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रशासनिक पदाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस ब्रीफिंग में सभी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसे, किस प्रकार और किस स्थान पर अपनी ड्यूटी का मुस्तैदी से निर्वहन करना है। वीआईपी सुरक्षा के साथ आम जनता की सहूलियत का पूरा ध्यान रखने की सख्त हिदायत दी गई है।


इस सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की ब्लॉक स्तर की समस्याओं को सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष लाकर उनका समाधान करना है। भूमि विवाद, राशन-पेंशन, और स्थानीय विकास से जुड़े मामलों पर सीधे सुनवाई होगी। गोसाईंपुर पंचायत में हो रहे इस बड़े आयोजन को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से मुख्य रूप से शांति बनाए रखने और शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।