Hindi News / politics / नीतीश कुमार ने जेडीयू कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, जनसुनवाई व्यवस्था सुधारने के...

नीतीश कुमार ने जेडीयू कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, जनसुनवाई व्यवस्था सुधारने के दिए सख्त निर्देश

Bihar Politics: नीतीश कुमार अचानक जदयू प्रदेश कार्यालय पहुंचे और जनसुनवाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के सख्त निर्देश दिए। इस दौरान एनडीए की बांकीपुर उपचुनाव में जीत का भी दावा किया गया।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 06, 2026, 2:26:46 PM

Bihar Politics

- फ़ोटो Reporter

Bihar Politics: पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार सोमवार को अचानक पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय पहुंचे। उनके इस औचक दौरे को संगठन को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।


कार्यालय पहुंचने के बाद नीतीश कुमार ने परिसर का निरीक्षण किया और वहां चल रही जनसुनवाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान मंत्री श्रवण कुमार लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। नीतीश कुमार ने व्यवस्था को देखकर स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनसुनवाई पूरी गंभीरता और व्यवस्थित तरीके से होनी चाहिए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा, “ठीक से कीजिए।”


निरीक्षण के दौरान जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा भी मौजूद रहे। नीतीश कुमार ने उन्हें पार्टी कार्यालय की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय में आने वाले कार्यकर्ताओं और आम लोगों की समस्याओं की नियमित सुनवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए और हर स्तर पर व्यवस्था को मजबूत बनाया जाए।


मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि नीतीश कुमार समय-समय पर पार्टी कार्यालय पहुंचकर गतिविधियों की समीक्षा करते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि उनके निर्देशों का सही तरीके से पालन हो रहा है या नहीं। उन्होंने कहा कि कार्यालय में आने वाले लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है।


इसी दौरान श्रवण कुमार ने बांकीपुर उपचुनाव को लेकर दावा किया कि एनडीए वहां बड़े अंतर से जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि 2025 का विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा गया था, जिसमें एनडीए को स्पष्ट बहुमत मिला। उन्होंने भाजपा और जदयू के बीच मजबूत तालमेल का भी उल्लेख किया। विपक्षी गठबंधन पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि इससे एनडीए को कोई नुकसान नहीं होगा और अंतिम निर्णय हमेशा जनता ही करती है।