Hindi News / bihar / muzaffarpur-news / पुलिस टीम पर हमला करने वाले 8 आरोपी गिरफ्तार, डीजे वाहन की जांच...

पुलिस टीम पर हमला करने वाले 8 आरोपी गिरफ्तार, डीजे वाहन की जांच के दौरान हुआ था बवाल

Bihar Police: मुजफ्फरपुर के पियर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमले और सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। डीजे वाहन की चेकिंग के दौरान भड़की हिंसा के बाद पुलिस ने 8 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी की तलाश..

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 06, 2026, 3:36:41 PM

पुलिस टीम पर हमला करने वाले 8 आरोपी गिरफ्तार, डीजे वाहन की जांच के दौरान हुआ था बवाल

- फ़ोटो

Bihar Police: मुजफ्फरपुर जिले के पियर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमला और सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर इस मामले के 8 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.


पुलिस के मुताबिक, जिले में अपराध पर लगाम लगाने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन कराने के लिए लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी अभियान के तहत पियर थाना क्षेत्र में पुलिस ने डीजे लगे एक वाहन को जांच के लिए रोका. इसी दौरान वहां मौजूद स्थानीय सरपंच और पुलिसकर्मियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और सरपंच के साथ मारपीट होने की बात सामने आई.


सरपंच के साथ हुई घटना की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए. कुछ ही देर में माहौल तनावपूर्ण हो गया और पुलिस तथा ग्रामीणों के बीच झड़प शुरू हो गई. आरोप है कि गुस्साए लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव किया और कई सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ कर दी. इस दौरान पुलिस की गाड़ियों को नुकसान पहुंचा और सरकारी संपत्ति भी क्षतिग्रस्त हुई. हालात बिगड़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया.


घटना के बाद मुजफ्फरपुर पुलिस ने पियर थाना कांड संख्या 27/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की. एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी पूर्वी-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर घटना में शामिल 8 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. सभी आरोपी पियर थाना क्षेत्र के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं.


पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हिंसा में शामिल अन्य फरार लोगों की पहचान भी कर ली गई है. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.