1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 06, 2026, 2:53:50 PM
- फ़ोटो
Bihar Crime News: बिहार के शेखपुरा जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है. दो दिनों से लापता बीटेक छात्र हेमराज उर्फ राजा कुमार का शव सोमवार को जमुआरा पहाड़ पर खनन से बने एक गहरे गड्ढे से बरामद हुआ. शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. मौके पर पहुंचे परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए जमकर हंगामा किया और गुस्से में पुलिस की एक गाड़ी पर पथराव कर दिया. इस दौरान पुलिस वाहन को हल्का नुकसान पहुंचा. बाद में अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया.
मृतक की पहचान शेखपुरा नगर के मेहुस मोड़ निवासी संतोष यादव के बेटे हेमराज उर्फ राजा कुमार के रूप में हुई है. राजा जयपुर के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था. उसके पिता मोटर पार्ट्स का कारोबार करते हैं. परिवार के मुताबिक, शनिवार दोपहर राजा बाइक लेकर घर से पेट्रोल भराने की बात कहकर निकला था. उसने अपनी मां को इसकी जानकारी भी दी थी, लेकिन इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा.
शाम होने तक जब राजा घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. इसी दौरान उसकी बाइक महादेव नगर स्थित कचरा डंपिंग यार्ड के पास लावारिस हालत में मिली. इसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने गुमशुदगी की सूचना मिलने के बाद जांच शुरू की, लेकिन राजा का मोबाइल लगातार स्विच ऑफ मिला. दो दिनों तक कई जगहों पर तलाश की गई, फिर भी उसका कोई सुराग नहीं मिला.
सोमवार दोपहर जमुआरा पहाड़ पर खनन से बने तालाब जैसे गहरे गड्ढे में राजा का शव मिलने की सूचना मिली. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया. घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन वहां पहुंच गए. शव देखते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. परिजनों ने आरोप लगाया कि यह सिर्फ हादसा नहीं बल्कि हत्या का मामला हो सकता है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
घटना के दौरान गुस्साए लोगों ने पुलिस की एक गाड़ी पर पथराव भी किया. हालांकि पुलिस ने संयम बरतते हुए लोगों को शांत कराया और स्थिति पर काबू पाया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शेखपुरा सदर अस्पताल भेज दिया गया.
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि युवक के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई थी. घटनास्थल से उसका मोबाइल फोन बरामद नहीं हुआ है. फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.