Hindi News / politics / बेगूसराय में गैंगरेप पीड़िता से मिले मुकेश सहनी, बढ़ते अपराध पर NDA सरकार...

बेगूसराय में गैंगरेप पीड़िता से मिले मुकेश सहनी, बढ़ते अपराध पर NDA सरकार को घेरा

Bihar Politics: वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने बेगूसराय गैंगरेप पीड़िता से मुलाकात कर उसका हालचाल जाना। उन्होंने बढ़ते अपराध, पुलिस की कथित लापरवाही और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर बिहार सरकार पर सवाल उठाए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

1st Bihar Published by: HARERAM DAS Updated Jun 24, 2026, 8:48:58 PM

Bihar Politics

- फ़ोटो Reporter

Bihar Politics: वीआईपी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री मुकेश सहनी बुधवार को बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने चर्चित गैंगरेप पीड़िता से मुलाकात कर उसका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने पीड़िता के परिजनों से भी बातचीत की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। अस्पताल से बाहर निकलने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुकेश सहनी ने बिहार सरकार, पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पर जमकर हमला बोला।


उन्होंने कहा कि गैंगरेप जैसी गंभीर घटना के बाद जिस तरह से पुलिस प्रशासन ने शुरुआती स्तर पर लापरवाही बरती, उसी का नतीजा है कि मामला इतना गंभीर हो गया। यदि पहली घटना के समय ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई होती तो आज स्थिति यहां तक नहीं पहुंचती।


मुकेश सहनी ने पीड़िता के इलाज को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पीड़िता को बार-बार अस्पताल में भर्ती कराना पड़ रहा है, जो स्वास्थ्य व्यवस्था की कमजोरी को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन को उनके आगमन की जानकारी होने के बावजूद कोई वरिष्ठ चिकित्सक या जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था। यह स्थिति बताती है कि बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था किस हाल में है।


उन्होंने कहा कि पीड़िता का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के लिए सरकार को तत्काल विशेषज्ञ चिकित्सकों की एक समिति और मेडिकल बोर्ड का गठन करना चाहिए। यदि सरकारी स्तर पर समुचित इलाज संभव नहीं है तो पीड़िता को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर उनकी पार्टी भी इलाज में हरसंभव मदद करेगी।


मुकेश सहनी ने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। साथ ही जिन पुलिसकर्मियों पर लापरवाही के आरोप हैं, उनके खिलाफ सिर्फ निलंबन ही नहीं बल्कि कठोर विभागीय कार्रवाई भी होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को कोई अधिकारी हल्के में लेने की हिम्मत न करे।


उन्होंने कहा कि अस्पताल से निकलने के बाद वे जिला पदाधिकारी से भी इस मामले पर बातचीत करेंगे तथा पीड़िता के घर जाकर परिजनों से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि वीआईपी पार्टी लगातार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और आगे भी हर संभव मदद करती रहेगी।