Hindi News / politics / पटना में JDU की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठक, अध्यक्ष पद...

पटना में JDU की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठक, अध्यक्ष पद पर नीतीश कुमार के निर्वाचन पर लगेगी औपचारिक मुहर

JDU Meeting: जेडीयू ने 21 जून को पटना में राष्ट्रीय कार्यकारिणी, राष्ट्रीय परिषद और खुला अधिवेशन की बड़ी बैठक बुलाई है। बैठक में नीतीश कुमार के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर औपचारिक मुहर लगेगी और संगठन की भविष्य की रणनीति व सात निश्चय-3 पर चर्चा की जाएगी

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 01, 2026, 2:27:04 PM

JDU Meeting

21 जून को जेडीयू की बड़ी बैठक - फ़ोटो Google

JDU Meeting: जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने 21 जून को पटना में राष्ट्रीय कार्यकारिणी, राष्ट्रीय परिषद और खुला अधिवेशन की महत्वपूर्ण बैठक बुलायी है। यह बैठक पार्टी के प्रदेश कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री पद से नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद यह पहली बड़ी संगठनात्मक बैठक होगी।


बैठक के दौरान जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नीतीश कुमार के निर्वाचन पर राष्ट्रीय परिषद की औपचारिक मुहर लगाई जाएगी। इसके साथ ही पार्टी संगठन को मजबूत करने, आगामी राजनीतिक रणनीति तय करने और संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी।


पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे से 10:30 बजे तक निवर्तमान राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक होगी। इसके बाद सुबह 10:30 बजे से 11:30 बजे तक निवर्तमान राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की जाएगी। सुबह 11:45 बजे से बिहार की नव-निर्वाचित राज्य परिषद की बैठक शुरू होगी।


दोपहर 3 बजे से 4 बजे तक नव-निर्वाचित राष्ट्रीय परिषद की बैठक होगी, जबकि शाम 4 बजे से 5 बजे तक खुला अधिवेशन आयोजित किया जाएगा।


बैठक में जेडीयू के राष्ट्रीय, प्रदेश और जिला स्तर के प्रमुख पदाधिकारी, राष्ट्रीय परिषद एवं राज्य परिषद के सदस्य शामिल होंगे। पार्टी नेतृत्व सात निश्चय-3 के संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने, विकसित बिहार के निर्माण और आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर भी रणनीति तय करेगा। राजनीतिक दृष्टि से इस बैठक को जेडीयू के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें पार्टी की भावी दिशा और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर अहम फैसले लिए जा सकते हैं।