1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 23, 2026, 3:43:50 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Politics: पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) में मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पहुंचे। उन्होंने नवनिर्मित टॉवर-3 के प्रथम तल पर बने रेडियोलॉजी विभाग का उद्घाटन किया और इसके बाद पूरे अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद मंत्री ने विभिन्न विभागों का दौरा कर मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली और नई स्थापित मशीनों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत उन्हें अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर इलाज और सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मंत्री निशांत कुमार ने PMCH में चल रहे निर्माण और विकास कार्यों की भी समीक्षा की और सभी लंबित कार्यों को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जब मंत्री अस्पताल परिसर से बाहर निकल रहे थे, तो उन्होंने कुछ मरीजों और परिजनों से बातचीत की। इस दौरान एक व्यक्ति ने नर्सिंग सेवाओं को लेकर शिकायत की, जिसके बाद मंत्री ने संबंधित नर्स को बुलाकर उनसे जवाब तलब किया।
गौरतलब है कि इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री ने कहा था कि विभाग संभालने के बाद PMCH को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने इन शिकायतों को गंभीर बताते हुए सुधारात्मक कदम उठाने और समय-समय पर औचक निरीक्षण करने की बात कही थी। मंगलवार का यह दौरा उसी क्रम का हिस्सा माना जा रहा है।