1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 23, 2026, 10:17:17 AM
- फ़ोटो Google
George Kurian Resignation: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता जॉर्ज कुरियन ने मंगलवार को अल्पसंख्यक मामलों और मत्स्य पालन राज्य मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया। उनका राज्यसभा कार्यकाल पूरा होने के कारण उन्हें पद छोड़ना पड़ा। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि भारत के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री की सलाह पर संविधान के अनुच्छेद 75(2) के तहत जॉर्ज कुरियन का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।
65 वर्षीय जॉर्ज कुरियन अगस्त 2024 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली तीसरी केंद्रीय कैबिनेट में राज्य मंत्री के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने 9 जून 2024 को केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली थी और 11 जून 2024 को अल्पसंख्यक मामलों तथा मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय का कार्यभार संभाला था।
कुरियन बीजेपी के वरिष्ठ नेता हैं और 1980 में पार्टी के गठन के समय से ही इसके सदस्य रहे हैं। उनका जन्म 20 सितंबर 1960 को केरल के कोट्टायम जिले की एट्टुमानूर नगरपालिका के नाम्बियाकुलम में हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद लॉ में स्नातक और स्नातकोत्तर डिग्री प्राप्त की।
केंद्रीय राजनीति में आने से पहले जॉर्ज कुरियन राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने तत्कालीन केंद्रीय रेल राज्य मंत्री ओ. राजगोपाल के विशेष कार्याधिकारी (OSD) के रूप में भी कार्य किया है। सूत्रों के अनुसार, केरल विधानसभा चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन के कारण उन्हें दोबारा राज्यसभा के लिए नामित नहीं किया गया, जिसके चलते उनका मंत्री पद भी समाप्त हो गया।