Hindi News / movies / हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता रमाकांत दायमा का निधन, ‘स्कैम 1992’ से मिली...

हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता रमाकांत दायमा का निधन, ‘स्कैम 1992’ से मिली थी खास पहचान

Ramakant Dayma: हिंदी सिनेमा और टीवी जगत के वरिष्ठ अभिनेता रमाकांत दायमा का 85 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। ‘स्कैम 1992’ में उनके अभिनय को काफी सराहा गया था। उनके निधन पर इंडस्ट्री और फैंस शोक जता रहे हैं।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 26, 2026, 2:56:50 PM

Ramakant Dayma

नहीं रहे रमाकांत दायमा - फ़ोटो Google

Ramakant Dayma: हिंदी सिनेमा और टीवी इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। दिग्गज अभिनेता रमाकांत दायमा का निधन हो गया है। वह 85 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। फैंस और कलाकार सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।


‘स्कैम 1992’ से मिली थी खास पहचान

रमाकांत दायमा ने कई लोकप्रिय फिल्मों और टीवी शोज में काम किया था, लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा पहचान चर्चित वेब सीरीज ‘स्कैम 1992’ में हर्षद मेहता के पिता की भूमिका निभाने से मिली थी। उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों ने काफी सराहा था।


शुभांगी लाटकर ने दी भावुक श्रद्धांजलि

अभिनेत्री शुभांगी लाटकर ने सोशल मीडिया पर रमाकांत दायमा का एक पुराना वीडियो शेयर कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि रमाकांत दायमा सिर्फ एक अच्छे दोस्त नहीं, बल्कि बेहद प्रेरणादायक इंसान थे। शुभांगी ने कहा कि वे हर परिस्थिति में जिंदगी को खुशी से जीना जानते थे। वह बेहतरीन डांसर, शानदार गायक, उम्दा अभिनेता और समझदार सलाहकार थे।


अधूरे रह गए कई सपने

शुभांगी लाटकर ने बताया कि दोनों ने साथ मिलकर एक हिंदी नाटक और कविताओं के मंचन की योजना बनाई थी। जब उन्होंने रमाकांत दायमा से इस बारे में बात की, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा था, “पहले मुझे ठीक हो जाने दो।” उन्होंने कहा कि अब वह सपना अधूरा रह गया और यह क्षति शब्दों में बयान नहीं की जा सकती।


लंबे समय से थे बीमार

बताया जा रहा है कि रमाकांत दायमा पिछले कई महीनों से बीमार चल रहे थे। हालांकि, उनके निधन के कारणों का आधिकारिक खुलासा अभी नहीं हुआ है। इंडस्ट्री के कई कलाकार, फैंस और करीबी लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।