1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 28, 2026, 10:56:08 PM
"YouTube बना जानलेवा! - फ़ोटो AI PHOTO
DESK: तमिलनाडु के तिरुप्पुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां यूट्यूब वीडियो देखकर घर पर प्रसव कराने की कोशिश एक महिला के लिए जानलेवा साबित हुई। प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने से महिला की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, तिरुप्पुर जिले के उथुकुली के पास थलवैपलयम क्षेत्र निवासी कार्तिक की पत्नी शशिकला ने चार वर्ष पहले अपने पहले बच्चे को सिजेरियन ऑपरेशन के माध्यम से जन्म दिया था। इस बार दंपति ने अपने दूसरे बच्चे का जन्म सामान्य प्रसव के जरिए घर पर कराने का फैसला किया। इसके लिए दोनों लगातार यूट्यूब पर प्राकृतिक और घरेलू प्रसव से जुड़े वीडियो देखते रहे।
बीते 24 जून को शशिकला को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। इसके बाद पति कार्तिक और उसकी मां ने यूट्यूब वीडियो की मदद से घर पर ही प्रसव कराने का प्रयास किया। प्रसव के दौरान शशिकला ने एक बेटे को जन्म दिया, लेकिन इसके बाद उन्हें अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।
शुरुआत में परिजनों ने इसे सामान्य समझा, लेकिन कुछ ही देर बाद शशिकला की हालत बिगड़ने लगी। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पहले पेरुंदुरई स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने महिला की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें कोयंबटूर के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद शशिकला को बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद उथुकुली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पति कार्तिक और उसके परिवार की भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सरकार और स्वास्थ्य विभाग लगातार घर पर असुरक्षित प्रसव से बचने की सलाह देते रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद यूट्यूब वीडियो के आधार पर प्रसव कराने की कोशिश एक महिला की जान पर भारी पड़ गई।