Hindi News / india / योगी ने कर दिया फैजल खान का इलाज, कोचिंग हुआ सील

योगी ने कर दिया फैजल खान का इलाज, कोचिंग हुआ सील

लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने सिविल लाइंस स्थित खान ग्लोबल क्लासेज को सील कर दिया। प्रशासन का कहना है कि संस्थान के पास आवश्यक भू-उपयोग और सामुदायिक सुविधा श्रेणी की स्वीकृति नहीं थी।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 23, 2026, 9:27:54 PM

बिहार न्यूज

प्रयागराज में खान ग्लोबल क्लासेज सील - फ़ोटो सोशल मीडिया

प्रयागराज: लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग संस्थान में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था और मानकों की जांच तेज कर दी गई है। इसी क्रम में प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने शहर के कई कोचिंग संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।


मंगलवार को पीडीए की टीम ने सिविल लाइंस स्थित खान ग्लोबल क्लासेज को सील कर दिया। यह कार्रवाई पीडीए के उपाध्यक्ष ऋषि राज के निर्देश पर जोन-1 के जोनल अधिकारी गंगेश कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई।


कार्रवाई से पहले कोचिंग संस्थान में मौजूद सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद कार्यालय को खाली कराकर भवन के संबंधित हिस्से को सील कर दिया गया। पीडीए की ओर से कोचिंग संस्थान के बाहर नोटिस भी चस्पा किया गया है। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि बिना अनुमति सील तोड़ने या दोबारा संस्थान का संचालन शुरू करने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


जोनल अधिकारी गंगेश कुमार सिंह ने बताया कि जिस भवन में कोचिंग संचालित की जा रही थी, उसका नक्शा व्यावसायिक उपयोग के लिए स्वीकृत था। हालांकि, कोचिंग संस्थान चलाने के लिए आवश्यक सामुदायिक सुविधा (कम्युनिटी फैसिलिटी) श्रेणी की अनुमति नहीं ली गई थी। इसी कारण यह कार्रवाई की गई। 


लखनऊ में हुए हादसे के बाद प्रशासन सुरक्षा मानकों को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है। पीडीए की इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य कोचिंग संचालकों में भी हड़कंप मच गया है। प्रशासन आने वाले दिनों में अन्य संस्थानों की भी जांच कर सकता है।