Hindi News / india / गुजरात में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराई स्लीपर बस, 6 लोगों...

गुजरात में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराई स्लीपर बस, 6 लोगों की दर्दनाक मौत, 31 घायल

वडोदरा में बुधवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हुआ। बांसवाड़ा से सूरत जा रही स्लीपर बस खड़े ट्रक से टकरा गई, जिससे 6 लोगों की मौत और 31 लोग घायल हो गए। SDRF, NDRF और फायर विभाग ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर यात्रियों को सुरक्षित निकाला।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 17, 2026, 3:24:26 PM

गुजरात न्यूज

राजस्थान से सूरत जा रही थी बस - फ़ोटो सोशल मीडिया

DESK: गुजरात के वडोदरा में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 31 लोग घायल हो गए। मृतकों में 9 साल का एक बच्चा भी शामिल है। हादसा कोटांबी स्टेडियम के पास हुआ, जहां एक स्लीपर बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।


मिली जानकारी के अनुसार, बालाजी ट्रैवल्स की लग्जरी स्लीपर बस राजस्थान के बांसवाड़ा से सूरत जा रही थी। इसी दौरान वडोदरा में बस चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी।


टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए और कई यात्री अंदर फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही SDRF, NDRF और वडोदरा फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू टीमों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।


घटना में घायल हुए सभी यात्रियों को तत्काल उपचार के लिए वडोदरा के एसएसजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।


हादसे के बाद ट्रक का सामान सड़क पर बिखर गया, जिससे इलाके में लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।