1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 01, 2026, 8:17:49 PM
जांच में जुटी पुलिस - फ़ोटो सोशल मीडिया
DELHI:दिल्ली पुलिस ने दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पुल प्रह्लादपुर इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली RO फिल्टर बनाने और बेचने वाली एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 2900 से अधिक नकली RO फिल्टर बरामद किए हैं, जिन पर नामी ब्रांडों के लेबल लगाए गए थे। मामले में फैक्ट्री संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद तबरेज के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के नालंदा जिले का रहने वाला है और वर्तमान में दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में रहता है। आरोप है कि वह नकली RO फिल्टर तैयार कर उन पर प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम और लोगो लगाकर बाजार में बेच रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि पुल प्रह्लादपुर क्षेत्र में एक फैक्ट्री में बड़े पैमाने पर नकली RO फिल्टर तैयार किए जा रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया और 27 मई को फैक्ट्री पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने फैक्ट्री से 2900 से अधिक नकली RO फिल्टर, मेम्ब्रेन, पैकेजिंग सामग्री और ब्रांडेड कंपनियों के फर्जी लेबल बरामद किए। मौके से मोहम्मद तबरेज को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मोहम्मद तबरेज वर्ष 2011 में दिल्ली आया था। शुरुआत में वह बैटरी के कारोबार से जुड़ा था, बाद में उसने RO सिस्टम से संबंधित काम सीखा। करीब नौ महीने पहले उसने किराये पर एक फैक्ट्री लेकर नकली RO फिल्टर बनाने और बेचने का अवैध कारोबार शुरू किया था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी मुनाफे के लालच में नकली उत्पादों को ब्रांडेड बताकर बाजार में बेच रहा था। ऐसे उत्पाद न केवल उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी हैं, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बन सकते हैं। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। मामले की जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।