Hindi News / india / Bihar News: बिहार के इंजीनियर की कितनी काली कमाई है? अभियंता पवन...

Bihar News: बिहार के इंजीनियर की कितनी काली कमाई है? अभियंता पवन ने दो साल में 10 करोड़ की प्रॉपर्टी खरीदी, पटना से दिल्ली तक 13 संपत्ति मिले

बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता पवन कुमार की कथित काली कमाई का बड़ा खुलासा हुआ है। आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की छापेमारी में पटना से लेकर दिल्ली-एनसीआर तक 13 अचल संपत्तियों, करोड़ों रुपये के निवेश, बैंक खातों, आभूषण और नकदी का पता च

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 25, 2026, 7:19:29 AM

Bihar news

Bihar news - फ़ोटो File photo

PATNA: बिहार सरकार के किसी इंजीनियर की कितनी कमाई हो सकती है? पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) के छापे में इसका खुलासा हुआ है.  भवन निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता पवन कुमार के ठिकानों पर हुई छापेमारी में पता चला है उसने ने दिल्ली-एनसीआर से लेकर पटना के महंगे इलाकों में 13 अचल संपत्तियां खरीदी हैं।


पवन कुमार ने सिर्फ दो साल में 10 मंहगी प्रॉपर्टी की खरीदारी की. परिवार के सदस्य विदेश घूम रहे हैं. बैंकों में मोटी राशि जमा है. हर साल एलआईसी में 3 लाख रुपए जमा हैं. इसके साथ ही कई अन्य जगह पर पैसे निवेश किया गए हैं. EOU की जांच जारी है और इसमें कई और जानकारियां मिलने की उम्मीद है.


इन जगहों पर प्रॉपर्टी

EOU की छापेमारी में पवन कुमार की पटना के श्रीकृष्णापुरी और आशियाना नगर में फ्लैट-मकान के अलावा दिल्ली-एनसीआर के नोएडा, ग्रेटर नोएडा और चरखी दादरी में फ्लैट व व्यावसायिक भूखंड का पता चला है।  


ईओयू की छापेमारी और जब्ती

बता दें बुधवार को आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने पवन कुमार के पटना, भागलपुर और दिल्ली-एनसीआर स्थित 6 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। छापेमारी में ईओयू को 5.15 लाख रुपये नकद, 39 लाख रुपये के आभूषण और 18 बैंक खातों व पीपीएफ में जमा लगभग 90 लाख रुपये मिले, जिन्हें फ्रीज कर दिया गया है।


आय से काफी ज्यादा संपत्ति

ईओयू के अनुसार, पवन कुमार पर 3.90 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति का प्रथमदृष्टया मामला दर्ज किया गया है। उनकी कुल संपत्ति आय से 103.94 प्रतिशत अधिक पाई गई है। जुलाई 1997 में सहायक अभियंता के पद पर नियुक्त पवन कुमार वर्तमान में भवन प्रमंडल पटना की निरूपण इकाई के निदेशक सह भवन निरूपण अंचल-1 के अधीक्षण अभियंता के पद पर तैनात हैं।


दो साल में खरीदी 10 करोड़ की कमर्शियल जमीन

ईओयू जांच में सामने आया कि पवन कुमार ने मात्र दो साल में 10 करोड़ रुपये की व्यावसायिक जमीन खरीदी है। खास बात यह है कि पवन कुमार की अधिकांश संपत्तियां पत्नी आवेदिका सिंह और पुत्रों के नाम पर दर्ज हैं।


पवन कुमार की प्रमुख संपत्तियां

2007: उत्तरी श्रीकृष्णापुरी, पटना के यमुना निवास अपार्टमेंट में फ्लैट नंबर बी-305 (पत्नी के संयुक्त नाम पर) — यहीं परिवार रहता है।

2008: आशियाना नगर, पटना में दो मंजिला मकान।

2021 से 2023: पटना-बख्तियारपुर हाईवे पर 02 बीघा 04 कट्ठा व्यावसायिक भूखंड (पत्नी और पुत्रों के नाम पर) — कुल 9 निबंधन दस्तावेज।

नोएडा सेक्टर-75: मैक्स ब्लिस सोसाइटी में एक फ्लैट।

ग्रेटर नोएडा: अरिहंत आर्डन सोसाइटी में फ्लैट (बाद में बेच दिया)।

बेचे गए फ्लैट की राशि से चरखी दादरी (दिल्ली-एनसीआर) में भूखंड खरीदा।


पटना में तीन करोड़ का प्लॉट

EOU के सूत्रों के मुताबिक, पटना में तीन करोड़ रुपये का एक प्लॉट भी पवन कुमार की पत्नी के नाम पर मिला है, जिसकी पुष्टि हो चुकी है।ईओयू इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। पवन कुमार पर आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।