1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 28, 2026, 12:46:43 PM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Bihar Crime News: बिहार के पूर्णिया जिले में रविवार सुबह एक वृद्ध दंपति का शव उनके घर के अंदर रस्सी के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की बेटी ने अपने बड़े भाई पर माता-पिता की हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
घटना केनगर थाना क्षेत्र के झुन्नी इस्तम्ब्रार पंचायत के वार्ड संख्या-8 स्थित हेम कॉलोनी मुसहरी की है। मृतकों की पहचान 62 वर्षीय गुलर ऋषि और उनकी 60 वर्षीय पत्नी मुनिया देवी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही केनगर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनवी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस निरीक्षक जयप्रकाश सिंह और सीएफएस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया गया।
मृतक दंपति की बेटी चम्पा देवी ने अपने बड़े भाई मनोज ऋषि पर माता-पिता की हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मनोज ऋषि अक्सर अपने माता-पिता के साथ मारपीट करता था और उन्हें घर में नहीं रखता था। इसी कारण दोनों पिछले करीब एक महीने से उनकी बेटी के घर पर रहकर भोजन कर रहे थे।
चम्पा देवी ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को जब वह अपने माता-पिता को अपने घर ले जाने पहुंची थीं, तब मनोज ऋषि, उसकी पत्नी फूल कुमारी देवी, पुत्र श्रवण ऋषि और अन्य लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी। उनका दावा है कि उसी दौरान मनोज ऋषि ने धमकी दी थी कि "जब इन दोनों को मार देंगे, तब तुम लाश ले जाना।"
चम्पा देवी के अनुसार, रविवार सुबह करीब पांच बजे पड़ोसियों से सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचीं, जहां उनके माता-पिता का शव फंदे से लटका मिला। उन्होंने इस मामले में अपने बड़े भाई को हत्या का जिम्मेदार ठहराया है। वहीं, मृतक के छोटे बेटे संजय ऋषि ने बताया कि वह शनिवार रात बालू ढुलाई के काम से बाहर गया था। रविवार सुबह घर लौटने पर उसने अपने माता-पिता के शव को फंदे से लटका देखा।
परिजनों के अनुसार, वृद्ध दंपति पिछले करीब एक वर्ष से भीख मांगकर अपना जीवन यापन कर रहे थे। आरोप है कि उनका बड़ा बेटा गांव के लोगों से भी अपने माता-पिता को भीख नहीं देने के लिए कहता था। पुलिस ने बताया कि फिलहाल मामले में परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद और आवेदन मिलने पर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।