1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 27, 2026, 9:25:28 PM
जांच में जुटी पुलिस - फ़ोटो सोशल मीडिया
DESK: भागवत कथा में पत्नी का डांस करना एक पति को नागवार गुजरा। पत्नी के डांस करने से नाराज पति ने इतना बड़ा कदम उठा लिया कि लोग भी हैरान हैं। पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों की हत्या करने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना मुरैना जिले के माताबसैया थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के अनुसार, 32 वर्षीय बलराम और उसकी पत्नी रविता के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक, हाल ही में आयोजित एक भागवत कथा के दौरान रविता ने डांस किया था, जिसे लेकर पति नाराज था। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद हो रहा था। कुछ ग्रामीणों का यह भी कहना है कि बलराम अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। हालांकि, पुलिस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, रविता दो दिन पहले ही अपने मायके से ससुराल लौटी थी। इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद और बढ़ गया। पुलिस को आशंका है कि बलराम ने पहले पत्नी और दोनों बच्चों की हत्या की और फिर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं तथा परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने बताया कि मामले की जांच पारिवारिक विवाद समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी एक कारण को घटना की वजह नहीं माना जा सकता।फिलहाल, इस हृदयविदारक घटना ने पूरे मुरैना जिले को स्तब्ध कर दिया है और इलाके में शोक का माहौल है।