Hindi News / crime / दोस्त के साथ घर से निकले युवक की संदिग्ध मौत, नाराज लोगों ने...

दोस्त के साथ घर से निकले युवक की संदिग्ध मौत, नाराज लोगों ने किया सड़क जाम; परिजनों ने हत्या की जताई आशंका

Bihar Crime News: जमुई के बरहट थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस का कहना है कि युवक की मौत अस्पताल की चौथी मंजिल से गिरने के कारण हुई।

1st Bihar Published by: Dheeraj Kumar Updated Jun 27, 2026, 4:01:31 PM

Bihar Crime News

- फ़ोटो Reporter

Bihar Crime News: जमुई जिले के बरहट थाना क्षेत्र के नुम्मर इलाके के रहने वाले एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शनिवार को परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मृतक की पहचान दीपक कुमार यादव (पिता- गोरेलाल यादव) के रूप में हुई है। 


घटना से आक्रोशित लोगों ने मलयपुर-लक्ष्मीपुर मुख्य मार्ग स्थित नुम्मर चौक को करीब दो घंटे तक जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर बरहट थानाध्यक्ष कुमार संजीव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।


परिजनों के अनुसार, शुक्रवार रात दीपक घर पर खाना खाने के बाद सो गया था। इसी दौरान उसका दोस्त रॉकी कार लेकर पहुंचा और तिलक समारोह में चलने की बात कहकर उसे अपने साथ ले गया। देर रात रॉकी ने फोन कर बताया कि दीपक सड़क दुर्घटना में घायल हो गया है। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो दीपक की मौत हो चुकी थी। मृतक के चाचा मनीष यादव ने आरोप लगाया कि दीपक की हत्या की गई है। दीपक घर का इकलौता बेटा था। वह विवाहित था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।


इधर, सदर एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जानकारी मिली है कि शहर के श्रद्धा हॉस्पिटल की चौथी मंजिल से गिरने के कारण युवक की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा एफएसएल की टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी निष्पक्ष जांच होगी।