1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 25, 2026, 9:40:07 PM
जांच में जुटी पुलिस - फ़ोटो AI-generated image
DESK: एक अजीबोगरीब मामला उत्तराखंड के हल्द्वानी से सामने आया है, जहां विदेश से पढ़ाई कर लौटे एक युवक को लड़कियों के अंडरगारमेंट्स चोरी करने के आरोप में पुलिस ने अरेस्ट किया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह मानसिक तनाव से गुजर रहा था और ऐसा करने से उसे खुशी एवं संतुष्टि महसूस होती थी। उसकी बातें सुनने के बाद पुलिस भी हैरान रह गयी।
मामला हल्द्वानी के नवाबी रोड क्षेत्र का है, जहां 19 जून की रात करीब 3:23 बजे एक युवक दीवार फांदकर एक घर में घुस गया और बाहर रस्सी पर सूख रहे महिलाओं के अंडरगारमेंट्स एवं सलवार को चुराकर फरार हो गया। लेकिन उसकी यह करतूत वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गयी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। महेश नगर के नवाबी रोड की रहने वाली एक महिला ने इस संबंध में कोतवाली हल्द्वानी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
कोतवाल विजय मेहता के नेतृत्व में हीरानगर चौकी प्रभारी संजीत राठौर को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई। पुलिस ने वायरल CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे पंचायत घर रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान कुसुमखेड़ा स्थित समीर विहार निवासी निकेत सिंह बिष्ट के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह विदेश में पढ़ाई कर चुका है और कोरोना महामारी के दौरान हल्द्वानी लौट आया था। उसने दावा किया कि मानसिक तनाव के कारण उसने एक दोस्त की सलाह पर यह हरकत शुरू की। आरोपी का कहना है कि ऐसा करने से उसे तनाव से राहत और मानसिक संतुष्टि मिलती थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही है। कोतवाल विजय मेहता ने आशंका जताई कि वह क्लेप्टोमेनिया जैसी मानसिक समस्या से ग्रस्त हो सकता है, जिसमें व्यक्ति बिना किसी आर्थिक लाभ के चोरी करने की प्रवृत्ति महसूस करता है। वहीं, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसे मामलों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।