1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 28, 2026, 1:43:35 PM
- फ़ोटो File
Bharat Tiwari: भोजपुर जिले के चर्चित भरत भूषण तिवारी कथित एनकाउंटर मामले में न्यायिक जांच जारी है। इसी बीच भरत भूषण तिवारी के परिवार के लोग बड़ा कदम उठाने जा रहे हैं। परिवार का कहना है कि श्राद्धकर्म पूरा होने के बाद वे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।
भरत भूषण तिवारी की भाभी सुमन देवी ने आरोप लगाया कि भरत तिवारी की हत्या एक पूर्व नियोजित साजिश के तहत की गई है। उनके अनुसार, भरत के पास कुछ महत्वपूर्ण तथ्य और सबूत थे और इसी कारण उन्हें रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने शुरुआत में तीन गोलियां लगने की बात कही थी, जबकि रिपोर्ट में पांच गोलियां लगने की पुष्टि हुई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटनास्थल पर उनकी सास ने तीन गोलियां चलते हुए देखी थीं। परिवार का कहना है कि यह एनकाउंटर नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है।
परिजनों ने मामले की जांच को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जांच किसी सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) जज से नहीं, बल्कि हाईकोर्ट के कार्यरत (सीटिंग) जज की निगरानी में होनी चाहिए, ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके। परिवार का आरोप है कि प्रशासनिक तंत्र पर भरोसा नहीं किया जा सकता है।
परिवार का कहना है कि वे लगातार न्याय की मांग कर रही हैं। परिजनों के अनुसार, घटना के 10 दिन बाद भी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। परिवार ने स्पष्ट किया है कि 30 जून को श्राद्धकर्म पूरा होने के बाद एक-दो दिनों के भीतर वे हाईकोर्ट में याचिका दायर करेंगे।