Hindi News / crime / हत्या या आत्महत्या? संदिग्ध हालत में युवक की मौत, सौतेली मां और नाना...

हत्या या आत्महत्या? संदिग्ध हालत में युवक की मौत, सौतेली मां और नाना पर गंभीर आरोप

Bihar Crime News: बेगूसराय के लोहिया नगर में 22 वर्षीय राहुल कुमार संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। परिजनों ने हत्या का आरोप सौतेली मां और सौतेले नाना पर लगाया है, जबकि पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।

1st Bihar Published by: HARERAM DAS Updated Jun 29, 2026, 2:44:14 PM

Bihar Crime News

- फ़ोटो Reporter

Bihar Crime News: बेगूसराय जिले के लोहिया नगर थाना क्षेत्र में एक 22 वर्षीय युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना वार्ड संख्या-24 स्थित बाघा मोहल्ले की है। 


मृतक की पहचान छोटू पोद्दार के 22 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताते हुए युवक की सौतेली मां एवं सौतेले नाना पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या मानते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटी है।


जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात राहुल कुमार अपने कमरे में था। कुछ देर बाद जब परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो वह बेड पर मृत अवस्था में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या की है, लेकिन घटनास्थल की स्थिति को देखकर कई लोगों ने इस पर सवाल खड़े किए हैं। 


लोगों का कहना है कि युवक की लंबाई, बेड और छत पर लगे पंखे के बीच की दूरी को देखते हुए मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि राहुल की हत्या कर शव को इस तरह रखा गया ताकि मामला आत्महत्या का लगे। परिजनों ने सौतेली मां और सौतेले नाना पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


इधर, स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि राहुल कुमार का अपनी सौतेली बहन से कथित प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब एक वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था और राहुल उससे शादी करना चाहता था। इस संबंध का परिवार के कुछ सदस्य विरोध कर रहे थे तथा उसे समझाने का प्रयास भी किया गया था। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस ने नहीं की है और जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


घटना की सूचना मिलते ही लोहिया नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि राहुल कुमार की मौत आत्महत्या है या हत्या। फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।


घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हुई है, जिससे इस रहस्यमयी मौत का सच सामने आ सके।