1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 28, 2026, 1:51:46 PM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Patna CNG Price: राजधानी पटना में सीएनजी उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। गैस आपूर्ति करने वाली GAIL (India) Limited की ओर से CNG की कीमत में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। नई दरें लागू होने के बाद अब पटना के विभिन्न सीएनजी पंपों पर गैस 92.90 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध है।
कीमत बढ़ने का सीधा असर ऑटो, टैक्सी और निजी वाहनों से सफर करने वाले लोगों पर पड़ेगा। लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों को लेकर वाहन चालकों में नाराजगी देखी जा रही है। खासकर रोजाना सीएनजी पर निर्भर ऑटो चालकों का कहना है कि बढ़ी हुई लागत से उनकी आमदनी पर असर पड़ेगा।
पंप संचालकों के अनुसार, नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। बताया जा रहा है कि आपूर्ति और परिचालन लागत में बढ़ोतरी के कारण कीमतों में संशोधन किया गया है। गौरतलब है कि पटना में बड़ी संख्या में वाहन सीएनजी पर आधारित हैं, जिसे पेट्रोल और डीजल की तुलना में अधिक पर्यावरण अनुकूल विकल्प माना जाता है। लेकिन लगातार बढ़ती कीमतें अब आम लोगों के बजट पर असर डालने लगी हैं।
इससे पहले बीते सोमवार (25 मई) को देशभर की आम जनता को महंगाई का बड़ा झटका लगा था। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी गई थी। पेट्रोल की कीमत में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 2.71 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि कर दी गई थी। पिछले 10 दिनों में चौथी बार ईंधन के दाम बढ़ाए गए थे। लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।