Hindi News / business / बिहार में औद्योगिक विकास को बढ़ावा: 928 करोड़ के निवेश से लगेंगी 19...

बिहार में औद्योगिक विकास को बढ़ावा: 928 करोड़ के निवेश से लगेंगी 19 नई फैक्ट्रियां, इतने लोगों को मिलेगा रोजगार

Bihar News: बिहार में औद्योगिक विकास को नई गति मिलने जा रही है। राज्य में 928 करोड़ रुपये के निवेश से 19 नई फैक्ट्रियां स्थापित होंगी, जिससे करीब 2200 लोगों को रोजगार मिलेगा।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 30, 2026, 12:14:36 PM

Bihar News

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो AI

Bihar News: बिहार में उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में बड़ी पहल होने जा रही है। राज्य में अल्ट्राटेक सीमेंट, सोमायन रेमेडीज समेत 19 नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को मंजूरी मिली है। इन परियोजनाओं पर लगभग 928 करोड़ रुपये का निवेश होगा, जिससे करीब 2200 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।


शुक्रवार को उद्योग विभाग में राज्य निवेश प्रोत्साहन बोर्ड (SIPB) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। करीब तीन घंटे तक चली इस बैठक में 17 औद्योगिक परियोजनाओं को स्टेज-1 और स्टेज-2 की स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक की अध्यक्षता उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता ने की।


जिन कंपनियों की परियोजनाओं को मंजूरी मिली है, उनमें अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड (बांका सीमेंट वर्क्स यूनिट), ग्रीन एक्सेल प्राइवेट लिमिटेड, सोमायन रेमेडीज प्राइवेट लिमिटेड, बजरंगबली पैकेजिंग प्राइवेट लिमिटेड, बीकेएसएस एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड, अशर्फी देवी कोल्ड स्टोरेज प्राइवेट लिमिटेड और टॉप टेन एंटरप्राइजेज सहित कई अन्य कंपनियां शामिल हैं।


इस दौरान दरभंगा के डोनार क्षेत्र में एक आधुनिक मखाना प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने की भी मंजूरी दी गई है। यह यूनिट मखायो फूड्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्थापित की जाएगी, जिस पर 27.44 करोड़ रुपये की लागत आएगी। करीब 2.20 एकड़ भूमि में बनने वाली इस यूनिट में मखाना प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और वैल्यू एडिशन का कार्य किया जाएगा।


इस परियोजना से लगभग 300 लोगों को रोजगार मिलेगा, जबकि करीब 5 हजार मखाना उत्पादक किसानों को सीधा लाभ मिलने की संभावना है। इससे मखाना उद्योग को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।


उद्योग सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार सरकार निवेशकों को बेहतर सुविधाएं और उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का लक्ष्य राज्य में अधिक से अधिक उद्योग स्थापित कर रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।


नई फैक्ट्रियों की स्थापना से बिहार में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। विशेष रूप से युवाओं के लिए यह निवेश नए रोजगार और विकास की संभावनाएं लेकर आएगा।