1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 13, 2026, 6:44:50 PM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Bihar News: बिहार सरकार राज्य में गुड़ उद्योग को बढ़ावा देने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत नई गुड़ उत्पादन इकाइयों की स्थापना के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित कर रही है। इच्छुक किसान और निवेशक 25 जून तक गन्ना उद्योग विभाग की वेबसाइट ccs.bihar.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं।
बिहार राज्य गुड़ उद्योग प्रोत्साहन कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न क्षमता वाली गुड़ उत्पादन इकाइयों को परियोजना लागत का 50 प्रतिशत तक अनुदान देने का प्रावधान किया गया है। पेराई क्षमता के आधार पर 6 लाख रुपये से लेकर 1 करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
योजना के तहत प्रतिदिन 5 से 20 टन गन्ना पेराई क्षमता वाली इकाइयों को अधिकतम 6 लाख रुपये का अनुदान मिलेगा। वहीं, 21 से 40 टन क्षमता वाली इकाइयों के लिए अधिकतम 15 लाख रुपये, 41 से 60 टन क्षमता वाली इकाइयों के लिए अधिकतम 45 लाख रुपये तथा 60 टन से अधिक प्रतिदिन पेराई क्षमता वाली इकाइयों को अधिकतम 1 करोड़ रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा।
बिहार देश के प्रमुख गन्ना उत्पादक राज्यों में शामिल है। राज्य में लगभग 2.25 लाख हेक्टेयर भूमि पर गन्ने की खेती की जाती है। गन्ना उत्पादन मुख्य रूप से उत्तर-पश्चिम बिहार के जिलों में केंद्रित है, जहां पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और गोपालगंज प्रमुख उत्पादक जिले हैं। इसके अलावा सीतामढ़ी, सिवान और समस्तीपुर में भी बड़े पैमाने पर गन्ने की खेती होती है।
राज्य सरकार गन्ना किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से 45 हजार गांवों में आधुनिक गन्ना खेती और उससे जुड़े उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चला रही है।