1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 17, 2026, 11:04:31 AM
- फ़ोटो
Bihar Teacher News : बिहार में शिक्षक भर्ती के TRE -4 चरण को लेकर लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए सरकार की ओर से बड़ा संकेत मिला है। एक कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने साफ कहा कि TRE -4 भर्ती प्रक्रिया की तैयारी तेजी से चल रही है और बहुत जल्द इसकी अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने नेता प्रतिपक्ष Tejashwi Yadav पर भी जमकर निशाना साधा और उनके बयानों को “बुद्धिहीन राजनीति” बताया।
कार्यक्रम के दौरान जब शिक्षा मंत्री से TRE -4 भर्ती को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को निराश होने की जरूरत नहीं है। सरकार पूरी गंभीरता से तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग को स्पष्ट निर्देश दिया है और विभाग लगातार प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में जुटा हुआ है। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही अच्छी खबर सामने आएगी।
उन्होंने कहा, “अभ्यर्थी अपनी तैयारी में जुटे रहें। बहुत जल्द अच्छे परिणाम आएंगे। सरकार कोशिश कर रही है कि जल्द से जल्द अधिसूचना जारी हो।”इस बयान के बाद लाखों युवाओं में उम्मीद बढ़ गई है। लंबे समय से अभ्यर्थी TRE -4 वैकेंसी का इंतजार कर रहे हैं और लगातार सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक आवाज उठा रहे हैं। अब मंत्री के बयान को भर्ती प्रक्रिया की दिशा में बड़ा संकेत माना जा रहा है।
वहीं बातचीत के दौरान मंत्री ने Tejashwi Yadav के उस बयान पर भी पलटवार किया, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कुछ नेताओं के “झाड़-फूंक” कराने की बात कही थी। इस पर मंत्री ने कहा कि काशी जाना और बाबा विश्वनाथ का दर्शन करना भारतीय परंपरा का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि वहां काशी के कोतवाल के दर्शन की परंपरा रही है और इसे झाड़-फूंक कहना गलत मानसिकता को दिखाता है।
मंत्री ने कहा, “क्या हम नमाज पढ़ने जाएं ताकि तेजस्वी यादव खुश हों? बाबा विश्वनाथ की नगरी में दर्शन करना आस्था का विषय है, इसे राजनीति से जोड़ना गलत है।” इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री की अपील और नेताओं के काफिले पर भी प्रतिक्रिया दी। मंत्री ने कहा कि देश संकट के दौर से गुजर रहा है और प्रधानमंत्री ने सादगी अपनाने की अपील की है। उन्होंने दावा किया कि सरकार के कई मंत्रियों ने अपनी गाड़ियों की संख्या कम की है और सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” भी मना रहे हैं। लेकिन विपक्ष के नेता बड़े काफिले के साथ घूम रहे हैं।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री की अपील का सम्मान होना चाहिए। लेकिन कुछ लोग अलग धारा की राजनीति करते हैं। उन्हें देशहित से कोई मतलब नहीं है।”बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष के आरोपों पर भी मंत्री ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और बिहार की जनता ही सबसे बड़ी जज है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों के शासनकाल में अपराध चरम पर था, वे आज कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
मंत्री ने कहा, “बिहार की जनता जानती है कि किसके समय क्या हालात थे। जनता ने कई बार उन्हें नकारा है, लेकिन फिर भी उन्हें समझ नहीं आ रहा।”मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों पर भी उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया दी। विपक्ष द्वारा “अपराधियों को जगह देने” के आरोप पर मंत्री ने कहा कि अगर किसी के खिलाफ सबूत हैं तो अदालत जाएं और कानूनी कार्रवाई करें। केवल बयानबाजी से कुछ नहीं होगा।
उन्होंने कहा, “जिसके घर शीशे के हों, वो दूसरों पर पत्थर नहीं फेंकते। तेजस्वी यादव को बोलने का अधिकार नहीं है। अगर किसी पर आरोप है तो कोर्ट जाएं, प्रेस कॉन्फ्रेंस करें, कार्रवाई कराएं।” मंत्री के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति फिर गर्म हो गई है। एक तरफ TRE -4 भर्ती को लेकर युवाओं में उम्मीद जगी है, तो दूसरी ओर सत्ता और विपक्ष के बीच जुबानी जंग भी तेज हो गई है।