1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 17, 2026, 10:50:36 AM
- फ़ोटो
Bihar Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में शुक्रवार की रात अपराधियों ने ऐसा तांडव मचाया कि पूरा इलाका गोलियों की आवाज से थर्रा उठा। अहियापुर थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने एक के बाद एक तीन अलग-अलग जगहों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर लोगों के बीच दहशत फैला दी। करीब साढ़े तीन घंटे तक चली इस सनसनीखेज वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक पहली घटना रात करीब साढ़े दस बजे रसूलपुर इलाके में हुई। यहां हथियारों से लैस बदमाशों ने सीआरपीएफ जवान शुभनारायण राय के घर को निशाना बनाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 10 से 15 अपराधी अचानक पहुंचे और घर के बाहर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। लगातार हो रही फायरिंग से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए घरों में छिप गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से चार खोखे बरामद किए।
इसके ठीक एक घंटे बाद अपराधियों ने दूसरी वारदात को अंजाम दिया। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे शेखपुर ढाब इलाके में करीब 20 अपराधियों ने पहुंचकर जमकर फायरिंग की। बताया जा रहा है कि यहां 15 से 20 राउंड गोलियां चलाई गईं। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के दुकानदार और राहगीर सहम गए। गोलियों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
इतना ही नहीं, देर रात करीब दो बजे बैरिया दहला इलाके में भी अपराधियों ने फायरिंग कर सनसनी फैला दी। लगातार तीन जगहों पर हुई गोलीबारी के बाद लोगों में भय का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों में पुलिस का डर खत्म होता जा रहा है और वे खुलेआम वारदात कर रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। अहियापुर थानाध्यक्ष शरद कुमार ने बताया कि दो अलग-अलग शिकायतों के आधार पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से एक स्कूटी और एक बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की है, जिन्हें अपराधियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने की आशंका है।
इसके अलावा पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र से चार युवकों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि ये लोग एक ई-रिक्शा के साथ पकड़े गए हैं और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि फायरिंग करने वालों की पहचान की जा सके।
प्रारंभिक जांच में पुलिस गैंगवार और आपसी वर्चस्व की लड़ाई की आशंका जता रही है। वहीं कुछ अधिकारियों का कहना है कि फायरिंग करने वाले अपराधी नशे की हालत में थे। हालांकि अभी तक किसी की आधिकारिक गिरफ्तारी नहीं हुई है।