Hindi News / bihar / muzaffarpur-news / शादी का सपना दिखाकर बनाया मां, अब बच्चे को अपनाने से इनकार; गोद...

शादी का सपना दिखाकर बनाया मां, अब बच्चे को अपनाने से इनकार; गोद में नवजात लेकर न्याय की गुहार लगाने थाने पहुंची युवती

Bihar News: मुजफ्फरपुर में प्यार, धोखा और बेबसी की एक ऐसी कहानी सामने आई है जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। शादी के वादे पर भरोसा करने वाली युवती आज अपने एक महीने के मासूम बच्चे को गोद में लेकर इंसाफ की गुहार लगा रही है। प्रेमी के बदलते तेवर...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 17, 2026, 11:11:56 AM

शादी का सपना दिखाकर बनाया मां, अब बच्चे को अपनाने से इनकार; गोद में नवजात लेकर न्याय की गुहार लगाने थाने पहुंची युवती

- फ़ोटो

Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी का भरोसा देकर एक युवती के साथ युवक ने वर्षों तक संबंध बनाया और जब वो मां बन गई तो उसे अकेला छोड़ दिया। अब पीड़ित युवती अपने एक महीने के मासूम बच्चे को गोद में लेकर न्याय की तलाश में पुलिस अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काट रही है। 

पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र के बेरई गांव का बताया जा रहा है। पीड़िता के अनुसार गांव के ही एक युवक से उसकी पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और फिर नजदीकियां हो गईं। युवती का आरोप है कि युवक ने उससे शादी करने का वादा किया और इसी भरोसे पर उसे अपने साथ दिल्ली ले गया। वहां कई महीनों तक दोनों साथ रहे।


पीड़िता का कहना है कि युवक लगातार शादी का आश्वासन देता रहा और इसी दौरान वह गर्भवती हो गई। जब उसने इस बारे में युवक से बात की तो उसने कहा कि फिलहाल गांव लौट जाओ, बच्चे के जन्म के बाद वह धूमधाम से शादी करेगा और उसे अपने साथ रखेगा। युवती उसके भरोसे पर वापस गांव लौट आई।


करीब एक महीने पहले युवती ने एक बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद जब आरोपी युवक गांव लौटा तो पीड़िता अपने बच्चे को लेकर उसके घर पहुंची और शादी करने की बात कही। लेकिन युवती का आरोप है कि इस बार युवक का व्यवहार पूरी तरह बदल चुका था। उसने न सिर्फ शादी से इनकार कर दिया बल्कि मां और बच्चे दोनों को अपनाने से भी मना कर दिया।


पीड़िता के मुताबिक युवक ने यह कहकर रिश्ता तोड़ दिया कि दोनों अलग-अलग जाति से हैं, इसलिए शादी संभव नहीं है। युवती का आरोप है कि उसे घर से डांटकर भगा दिया गया। इसके बाद उसने स्थानीय हथौड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन वहां भी उसे उम्मीद के मुताबिक मदद नहीं मिली।


स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं होने के बाद पीड़िता अपने नवजात बच्चे को गोद में लेकर मुजफ्फरपुर स्थित पुलिस उपमहानिरीक्षक कार्यालय पहुंची, जहां उसने अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई। रोते हुए उसने कहा कि वह सिर्फ अपने बच्चे का भविष्य सुरक्षित करना चाहती है। उसका कहना है कि वह आज भी युवक के साथ रहना चाहती है ताकि बच्चे को पिता का नाम और समाज में सम्मान मिल सके।