Hindi News / bihar / patna-news / पटना में कच्चे मकान से निकले 40 से ज्यादा कोबरा, सपेरे ने किया...

पटना में कच्चे मकान से निकले 40 से ज्यादा कोबरा, सपेरे ने किया रेस्क्यू; गांव में मचा हड़कंप

Patna News: पटना के पुनपुन प्रखंड के समकुड़ा गांव में एक कच्चे मकान से 40 से अधिक सांप निकलने से हड़कंप मच गया। सपेरे ने मिट्टी की दीवारों के अंदर छिपे सांपों और उनके बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 08, 2026, 4:13:31 PM

Patna News

- फ़ोटो Google

Patna News: पटना जिले के पुनपुन प्रखंड के समकुड़ा गांव में मंगलवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। यहां एक कच्चे मकान से 40 से अधिक सांप निकलने के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सपेरे ने मिट्टी की दीवारों के अंदर छिपे छोटे-बड़े सांपों और उनके बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।


यह घटना समकुड़ा गांव निवासी शंभू प्रसाद के घर की है। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बच्चा रहते हैं। एक ही मकान से इतनी बड़ी संख्या में सांप निकलने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और रेस्क्यू अभियान देखने लगे।


बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले रात में सोते समय उनकी नजर घर के अंदर एक सांप पर पड़ी थी। इसके कुछ देर बाद ही घर के अलग-अलग हिस्सों में तीन और सांप दिखाई दिए, जिससे पूरा परिवार डर गया। शुरुआत में ग्रामीणों की मदद से कुछ सांपों को मार दिया गया, लेकिन बार-बार सांप निकलने के कारण आशंका हुई कि मकान के अंदर ही उनका ठिकाना बना हुआ है। इसके बाद परिवार ने एक सपेरे को बुलाया।


सपेरे ने पूरे घर की बारीकी से जांच की। इस दौरान मिट्टी की दीवारों के अंदर से एक-एक कर छोटे-बड़े सांप और उनके बच्चे निकलने लगे। देखते ही देखते 40 से अधिक सांपों को सुरक्षित बाहर निकालकर प्लास्टिक के डिब्बों में रखा गया।


इस अनोखे रेस्क्यू की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाकों में चर्चा फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद लोगों ने अपने कच्चे और खपरैल मकानों की साफ-सफाई शुरू कर दी है। राहत की बात यह रही कि घर के अंदर इतनी बड़ी संख्या में सांप होने के बावजूद परिवार के किसी सदस्य को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। फिलहाल समकुड़ा गांव में हुई इस घटना की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है।