1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 08, 2026, 4:44:14 PM
- फ़ोटो
Motihari Airport News: मोतिहारी से हवाई यात्रा का सपना अब जल्द साकार होता नजर आ रहा है. केंद्र सरकार की ‘उड़ान’ (उड़े देश का आम नागरिक) योजना के तहत जिला मुख्यालय स्थित हवाई अड्डा मैदान से छोटे विमानों के परिचालन की तैयारी तेज हो गई है. विशेषज्ञों की टीम ने स्थल का भौतिक निरीक्षण पूरा कर लिया है. अब तकनीकी मंजूरी मिलने के बाद करीब 25 एकड़ भूमि पर रनवे निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा.
प्रस्तावित हवाई पट्टी से छोटे घरेलू विमानों का संचालन किया जाएगा, जिससे मोतिहारी सहित पूरे पूर्वी चंपारण के लोगों को सीधी हवाई सेवा का लाभ मिलेगा. इससे क्षेत्र में व्यवसाय, पर्यटन, निवेश और रोजगार के नए अवसर भी बढ़ने की उम्मीद है. साथ ही ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण चंपारण क्षेत्र का देश के अन्य प्रमुख शहरों से हवाई संपर्क भी बेहतर होगा.
निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञों की टीम ने उपलब्ध भूमि, रनवे निर्माण की संभावनाओं और अन्य तकनीकी मानकों का विस्तृत आकलन किया. अब निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रिया पूरी की जाएगी. अधिकारियों का कहना है कि सभी आवश्यक स्वीकृतियां मिलने के बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू कराया जाएगा.
जिले में हवाई सेवा शुरू करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी. ऐसे में इस परियोजना को लेकर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह है. लोगों का मानना है कि विमान सेवा शुरू होने से आवागमन आसान होगा और जिले के आर्थिक, औद्योगिक तथा पर्यटन विकास को नई गति मिलेगी.
पूर्वी चंपारण के अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिन्हा ने बताया कि विशेषज्ञों की टीम निरीक्षण का कार्य पूरा कर चुकी है. तकनीकी सहमति मिलने के बाद रनवे निर्माण का काम शुरू कराया जाएगा.