Hindi News / bihar / bhagalpur-news / विक्रमशिला सेतु पर आज रात 10 बजे से वाहनों की आवाजाही होगी बंद,...

विक्रमशिला सेतु पर आज रात 10 बजे से वाहनों की आवाजाही होगी बंद, दूसरे दिन भी नहीं चलेंगी गाड़ियां; क्यों लिया गया बड़ा फैसला?

Vikramshila Setu: भागलपुर के विक्रमशिला सेतु पर स्थायी पुनर्स्थापन कार्य और IIT पटना की टीम के निरीक्षण को लेकर दो दिनों तक रात में वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। प्रशासन ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 08, 2026, 4:27:10 PM

Vikramshila Setu

- फ़ोटो Google

Vikramshila Setu: बिहार के भागलपुर में गंगा नदी पर बने विक्रमशिला सेतु पर बुधवार रात 10 बजे से वाहनों का परिचालन बंद कर दिया जाएगा। सुरक्षा कारणों और पुल के स्थायी पुनर्स्थापन कार्य को लेकर यह फैसला लिया गया है। पुल पर गुरुवार सुबह 5 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।


इसके बाद गुरुवार रात 10 बजे से शुक्रवार सुबह 5 बजे तक भी विक्रमशिला सेतु पर वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। जिला प्रशासन ने वाहन चालकों से इस दौरान वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।


दरअसल, विक्रमशिला सेतु पर बने अस्थायी बेली ब्रिज की जगह स्थायी पुनर्स्थापन कार्य की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए आईआईटी पटना के विशेषज्ञों की टीम भागलपुर पहुंची है। टीम दो दिनों तक पुल का निरीक्षण करेगी और आगे की कार्ययोजना तैयार करेगी।


भागलपुर के जनसंपर्क पदाधिकारी सह डीसीएलआर सदर अपेक्षा मोदी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुल पर सभी तरह के वाहनों का परिचालन बंद रखा जाएगा। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट करने और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए हैं।


प्रशासन ने 8 जुलाई की रात 10 बजे से 9 जुलाई सुबह 5 बजे तक और फिर 9 जुलाई की रात 10 बजे से 10 जुलाई सुबह 5 बजे तक विक्रमशिला सेतु पर वाहनों की आवाजाही बंद रखने का निर्णय लिया है। आम नागरिकों, वाहन चालकों और परिवहन संचालकों से निर्धारित अवधि में पुल का उपयोग नहीं करने की अपील की गई है।


गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले विक्रमशिला सेतु का एक हिस्सा टूटकर गंगा नदी में गिर गया था। इसके बाद पुल पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया था, जिससे भागलपुर का नवगछिया और उत्तर बिहार के कई जिलों से संपर्क प्रभावित हुआ था।


लोगों की परेशानी को देखते हुए राज्य सरकार ने सीमा सड़क संगठन (BRO) की मदद ली थी। BRO ने तेजी से काम करते हुए करीब एक महीने में टूटे हिस्से को अस्थायी बेली ब्रिज के जरिए जोड़ दिया था। इसके बाद छोटे और हल्के वाहनों का परिचालन दोबारा शुरू किया गया था। अब पुल की स्थायी मरम्मत और पुनर्स्थापन की दिशा में काम आगे बढ़ाया जा रहा है।