Hindi News / crime / दहेज हत्या मामले में बड़ी कार्रवाई, पत्नी के मर्डर के आरोपी BDO के...

दहेज हत्या मामले में बड़ी कार्रवाई, पत्नी के मर्डर के आरोपी BDO के बाद अब महिला दारोगा गिरफ्तार

Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर दहेज हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीडीओ पति के बाद सह-अभियुक्त महिला दारोगा अन्नु कुमारी को सीतामढ़ी से गिरफ्तार किया। मामले में अवैध संबंध, दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोपों की जांच जारी है।

1st Bihar Published by: MANOJ KUMAR Updated Jul 08, 2026, 5:33:05 PM

Bihar Crime News

- फ़ोटो Reporter

Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र में हुए एक चर्चित दहेज हत्या मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दूसरी बड़ी गिरफ्तारी की है। SSP मुजफ्फरपुर के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने मामले की नामजद सह-अभियुक्त और बेगूसराय जिला बल में तैनात महिला पुलिस अवर निरीक्षक अन्नु कुमारी को उनके पैतृक जिला सीतामढ़ी से गिरफ्तार कर लिया है। 


इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब तक कुल 2 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। इससे पूर्व मृतका के पति मनोज कुमार, जो जाले के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) हैं, को पुलिस पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है। बीते 5 जुलाई 2026 को सीतामढ़ी जिले के बेला थाना अंतर्गत रहने वाले वादी राजकुमार ने मिठनपुरा थाने में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आवेदन में आरोप लगाया गया था कि उनकी बहन के विवाह के बाद से ही उसके पति, सास, देवर और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों द्वारा लगातार 10 लाख रुपये दहेज की मांग की जा रही थी। 


मांग पूरी न होने पर मृतका को गंभीर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी जाती थी। अंततः दहेज की रकम न मिलने के कारण उसकी बेरहमी से हत्या कर देने का आरोप लगाया गया। इसके अतिरिक्त, वादी ने आवेदन में स्पष्ट उल्लेख किया था कि मृतका के पति का किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध था, जिसके कारण भी उसकी बहन को प्रताड़ित किया जा रहा था। इस शिकायत के आधार पर मिठनपुरा थाना कांड संख्या 191/26 दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई थी।


मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर एसएसपी के आदेश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सबसे पहले मुख्य आरोपी पति सह बीडीओ मनोज कुमार को गिरफ्तार किया। इसके बाद जब पुलिस ने मनोज कुमार को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ और अग्रतर अनुसंधान शुरू किया, तो मामले में एक चौंकाने वाला मोड़ आया। 


पूछताछ के क्रम में यह बात खुलकर प्रकाश में आई कि आरोपी मनोज कुमार का बेगूसराय जिला बल में कार्यरत महिला सब-इनस्पेक्टर अन्नु कुमारी के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। मृतका की प्रताड़ना और इस हत्याकांड के पीछे इस अवैध संबंध को भी एक मुख्य कारण माना जा रहा है।


प्रेम-प्रसंग और हत्याकांड में संलिप्तता की बात सामने आते ही विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए सह-अभियुक्त महिला सब-इंस्पेक्टर अन्नु कुमारी को उनके गृह जिला सीतामढ़ी से दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी महिला अधिकारी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। पुलिस का मानना है कि इस मोबाइल के कॉल रिकॉर्ड्स और संदेशों से केस में कई अहम सबूत मिल सकते हैं।


पुलिस का कहना है कि घटना में संलिप्त अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से पूरी की जा रही है और दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए पुलिस हर पहलू पर बारीकी से साक्ष्य जुटा रही है।