1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 29, 2026, 1:38:05 PM
- फ़ोटो
Bihar Road Accident: बिहार के कैमूर जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. जहां काम खत्म कर घर लौट रहे तीन मजदूरों को तेज रफ्तार अज्ञात डंपर ने टक्कर मार दी. इस हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है.
यह हादसा भभुआ के भगवानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अवसान के पास हुआ. बताया जा रहा है कि पहड़िया पंचायत के डिहा गांव के रहने वाले तीन मजदूर मोकरी में काम करने के बाद देर शाम करीब साढ़े सात बजे साइकिल से अपने घर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में एक अज्ञात डंपर ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों मजदूर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ देर के लिए बेहोश हो गए. हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से सभी घायलों को उनके घर पहुंचाया गया. इसके बाद परिजनों ने देर रात उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भभुआ में भर्ती कराया.
डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया. लेकिन वाराणसी ले जाने के दौरान रास्ते में ही एक मजदूर की मौत हो गई. मृतक की पहचान डिहा गांव निवासी जवाहर राम के पुत्र मुकेश राम के रूप में हुई है.
ग्रामीणों के अनुसार, मुकेश राम मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे. उनकी अचानक मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है.
पंचायत प्रतिनिधि विनय कुमार बिंद ने बताया कि हादसे में घायल दोनों मजदूरों का इलाज चल रहा है. घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से अज्ञात डंपर चालक की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है.