Hindi News / bihar / gopalganj-news / शराब लदी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने महिला को रौंदा, मौके पर हुई मौत,...

शराब लदी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने महिला को रौंदा, मौके पर हुई मौत, हादसे के बाद गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त

Bihar News: गोपालगंज के कुचायकोट थाना क्षेत्र में शराब से लदी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने घर के बाहर बैठी 65 वर्षीय महिला को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन पलट गया और चालक फरार हो गया।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 28, 2026, 3:48:11 PM

Bihar News

- फ़ोटो Reporter

Bihar News: गोपालगंज में तेज रफ्तार शराब लदी स्कॉर्पियो ने घर के बाहर बैठी एक वृद्ध महिला को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्कॉर्पियो पलट गई, जबकि चालक और उसके साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


मामला गोपालगंज के कुचायकोट थाना क्षेत्र के बलथरी यादव टोला गांव का है। बताया जाता है कि 65 वर्षीय सुघांती देवी अपने घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर उन्हें कुचलते हुए आगे बढ़ गई। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो शराब से लदी हुई थी। दुर्घटना के बाद वाहन सड़क किनारे अनाज रखने वाली बेरी से टकराकर पलट गया। हालांकि, वाहन में सवार चालक और अन्य लोग मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।


सूचना मिलते ही कुचायकोट थानाध्यक्ष दर्पण सुमन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पलटी हुई स्कॉर्पियो को जब्त कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक और तस्करों की तलाश जारी है। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज