1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 28, 2026, 4:07:31 PM
प्रशासन के पास कुत्ता पकड़ने की व्यवस्था नहीं - फ़ोटो सोशल मीडिया
BHOJPUR: बिहार के भोजपुर जिले के कोइलवर में शनिवार को एक आवारा कुत्ते ने जमकर आतंक मचाया। नगर पंचायत के वार्ड संख्या-9 स्थित पॉश इलाके में एक आवारा कुत्ते ने अलग-अलग स्थानों पर 9 लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। कुत्ते की डर से लोग घर से बाहर नहीं निकल रहे हैं।
स्थानीय अतुल ने बताया कि शनिवार की सुबह एक आवारा कुत्ता अचानक आक्रामक हो गया और राहगीरों पर हमला करना शुरू कर दिया। देर शाम तक कुत्ते का आतंक जारी रहा। हमले में 8 वर्षीय ऋतिक राज, 14 वर्षीय सुजीत कुमार, 32 वर्षीया अंजू देवी, 3 साल की रोहिणी, 51 वर्षीया सुनैना देवी, 17 वर्षीय मोहम्मद सुहैल और 10 साल का कृष्णा कुमार सहित कई लोग घायल हो गए हैं। सभी का इलाज अस्पताल में कराया गया।
इसके अलावा धनडीहा निवासी अनिकेत कुमार पांडेय (16 वर्ष) और आरा के जवाहर टोला निवासी भरत राम (31 वर्ष) भी कुत्ते के हमले का शिकार हुए। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोइलवर ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें एंटी रैबीज वैक्सीन लगाई। डॉक्टरों ने सभी को समय पर वैक्सीन की शेष डोज लेने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
घटना के बाद वार्ड संख्या-9 समेत आसपास के इलाकों में भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा कुत्ता अभी भी इलाके में घूम रहा है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता का विषय यह बना हुआहै। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से आवारा कुत्ते को जल्द पकड़ने और इलाके में आवारा पशुओं पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
वहीं, इस मामले पर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी शहाब याहिया ने बताया कि फिलहाल नगर में कुत्तों को पकड़ने की कोई व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर कुत्ता पकड़ने के लिए टेंडर किया गया है, लेकिन अभी तक वह कार्यशील नहीं हो पाया है। प्रशासन के इस बयान के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी और आक्रोश देखने को मिल रहा है।