1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 07, 2026, 8:04:18 AM
- फ़ोटो File
Bihar Politics: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को अररिया जिले के फारबिसगंज प्रखंड स्थित हरिपुर पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका अररिया का पहला दौरा होगा। शिविर में भूमि सुधार, आवास योजना, राशन कार्ड, शौचालय निर्माण और लोक शिकायतों से जुड़ी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा।
एक ही जगह मिलेंगी कई सरकारी सेवाएं
सहयोग शिविर में राजस्व एवं भूमि सुधार, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, शौचालय निर्माण और लोक शिकायत निवारण से जुड़े आवेदनों का ऑन-द-स्पॉट निपटारा किया जाएगा। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग, बैंक, जीविका, आपूर्ति विभाग समेत कई विभागों के अलग-अलग स्टॉल लगाए गए हैं, जहां आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं। हरिपुर पंचायत सरकार भवन परिसर में तीन स्तरीय बैरिकेडिंग की गई है। सोमवार देर शाम तक प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर लीं। मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए प्लस-टू रामलाल उच्च विद्यालय के पीछे दो हेलीपैड बनाए गए हैं।
मंच, पंडाल और पार्किंग की विशेष व्यवस्था
कार्यक्रम स्थल पर एक बड़ा मंच तैयार किया गया है। लोगों के बैठने के लिए दो विशाल पंडाल बनाए गए हैं, जबकि खाली स्थान पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पूरे पंचायत सरकार भवन और कार्यक्रम स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि सम्राट चौधरी पहले भी उपमुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में फारबिसगंज आ चुके हैं, लेकिन मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला दौरा है।