Hindi News / politics / बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव: निष्पक्ष चुनाव के लिए जिला प्रशासन ने कसी कमर, 21...

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव: निष्पक्ष चुनाव के लिए जिला प्रशासन ने कसी कमर, 21 कोषांग, 42 सेक्टर पदाधिकारी तैनात, 422 बूथों पर कड़ी निगरानी

Bihar by-Election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए पटना जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 21 कोषांग, 42 सेक्टर पदाधिकारी, 422 मतदान केंद्र और 24 घंटे निगरानी के साथ निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 07, 2026, 7:10:35 AM

Bihar by-Election

बांकीपुर का चुनावी रण! - फ़ोटो Google

Bihar by-Election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए पटना जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव संचालन के लिए 21 कोषांग गठित किए गए हैं, जबकि विधानसभा क्षेत्र में 42 सेक्टर पदाधिकारी और 42 सेक्टर पुलिस पदाधिकारी की तैनाती की गई है। सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम कुंदन कुमार ने सभी अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने और सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने का निर्देश दिया।


24 घंटे निगरानी के लिए विशेष टीमें सक्रिय

चुनावी गतिविधियों, आदर्श आचार संहिता, चुनावी खर्च और कानून-व्यवस्था पर नजर रखने के लिए जिला प्रशासन ने 3 फ्लाइंग स्क्वायड, 9 स्टैटिक सर्विलांस टीम, 3 वीडियो सर्विलांस टीम और 3 वीडियो व्यूइंग टीम को 24 घंटे सक्रिय रखा है। इसके अलावा निर्वाचन व्यय और प्रलोभन मुक्त चुनाव सुनिश्चित करने के लिए करीब 20 प्रवर्तन एजेंसियां भी सातों दिन चौबीसों घंटे निगरानी करेंगी।


21 कोषांग संभालेंगे चुनाव की पूरी जिम्मेदारी

उपचुनाव के सफल संचालन के लिए कार्मिक, प्रशिक्षण, ईवीएम-वीवीपैट, वाहन, सामग्री, कानून-व्यवस्था, व्यय अनुश्रवण, मीडिया एवं एमसीएमसी, स्वीप अभियान, हेल्पलाइन और मतगणना सहित 21 कोषांग सक्रिय किए गए हैं। सभी कोषांगों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।


422 मतदान केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं

पूरे विधानसभा क्षेत्र को 42 सेक्टरों में विभाजित किया गया है और कुल 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली, रैंप, शेड, साइनेज और फर्नीचर जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।


करीब 3 हजार कर्मियों को मिलेगा प्रशिक्षण

चुनाव कार्य के लिए लगभग 3 हजार अधिकारियों और कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। मतदान और मतगणना की प्रक्रिया को त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जाएगा।


मतदाता जागरूकता पर रहेगा विशेष जोर

शहरी क्षेत्रों में अपेक्षाकृत कम मतदान को देखते हुए स्वीप अभियान के तहत रंगोली, पोस्टर, स्लोगन, सोशल मीडिया, सेल्फी प्वाइंट और जनसंपर्क कार्यक्रमों के जरिए मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा। कम मतदान वाले बूथों पर विशेष अभियान भी चलाया जाएगा।


इन पहचान पत्रों से भी कर सकेंगे मतदान

मतदाता सूची में नाम दर्ज होने पर मतदाता वोटर आईडी कार्ड के अलावा निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 12 वैकल्पिक फोटोयुक्त पहचान पत्रों में से किसी एक के आधार पर भी अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।