1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 07, 2026, 6:56:30 AM
मौसम विभाग का अलर्ट - फ़ोटो File
Bihar Weather Alert: बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने 6 से 12 जुलाई तक पूरे राज्य में झमाझम और भारी बारिश को लेकर 7 दिनों का हाई अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अगले 7 से 10 दिनों में मानसून और अधिक मजबूत होगा।
तीन सप्ताह तक सूखा रहा मौसम
पिछले करीब तीन सप्ताह तक राज्य में मानसून कमजोर रहा और बारिश लगभग थम गई थी। स्थिति यह थी कि 6 जुलाई तक बिहार में सामान्य 230.1 मिमी के मुकाबले केवल 103 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 52–55% कम है। आज पटना समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया है।
कब और कहां होगी बारिश?
7 जुलाई: अररिया, किशनगंज और सुपौल में भारी बारिश की चेतावनी।
8 जुलाई: अररिया, किशनगंज, मधुबनी, पूर्णिया और सुपौल में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना।
9-10 जुलाई: उत्तर और उत्तर-पूर्व बिहार में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार।
11 जुलाई: भागलपुर, कटिहार और पश्चिमी चंपारण में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
पहले मानसून कमजोर क्यों पड़ा था?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में ओडिशा तट के पास कम दबाव का क्षेत्र बनने से मानसूनी हवाओं का रुख दक्षिण की ओर खिसक गया था। साथ ही बिहार और आसपास कोई मजबूत पश्चिमी विक्षोभ या अन्य प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं थी। इसी वजह से राज्य में मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ गई थीं और बारिश का सिलसिला थम गया था।
गर्मी और उमस से राहत अभी नहीं
मौसम विभाग के विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो दिनों तक कुछ क्षेत्रों में मानसून अपेक्षाकृत कमजोर रह सकता है। हवा में अधिक नमी (आर्द्रता) और बढ़ते तापमान के कारण हीट इंडेक्स भी बढ़ा है, जिससे लोगों को वास्तविक तापमान से अधिक गर्मी और उमस महसूस होगी। हालांकि, आगामी दिनों में बारिश बढ़ने के साथ मौसम में राहत मिलने की उम्मीद है।