Hindi News / politics / बांकीपुर उपचुनाव: JJD उम्मीदवार वीणा मानवी को मिली बेल, नामांकन के बाद पुलिस...

बांकीपुर उपचुनाव: JJD उम्मीदवार वीणा मानवी को मिली बेल, नामांकन के बाद पुलिस ने किया था अरेस्ट

Bankipur By Election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनशक्ति जनता दल (JJD) की उम्मीदवार वीणा मानवी को नामांकन दाखिल करने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया। कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें जमानत मिल गई, जिससे पार्टी को बड़ी राहत मिली।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 13, 2026, 4:56:31 PM

Bankipur By Election

वीणा मानवी को बड़ी राहत - फ़ोटो Google

Bankipur By Election: पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में जनशक्ति जनता दल की उम्मीदवार वीणा मानवी को पुलिस ने नामांकन के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश किया। जिसके बाद जेजेडी उम्मीदवार को कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने वीणा मानवी को बेल दे दी है।



दरअसल, बिहार की बांकीपुर सीट के लिए होने वाले उपचुनाव में जनशक्ति जनता दल ने वीणा मानवी को अपना उम्मीदवार बनाया है। नामांकन के आखिरी दिन यानी सोमवार को वीणा मानवी ने अपना नामांकन दाखिल किया हालांकि नामांकन दाखिल करने के तुरंत बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और उन्हें अपने साथ ले गई। वीणा मानवी की गिरफ्तारी के बाद कार्यकर्ताओं और समर्थनों ने खूब हंगामा किया।



वहीं जेजेडी उम्मीदवार वीणा मानवी ने इसे साजिश करार दिया। गिरफ्तारी के बाद मीडिया से बातचीत में वीणा मानवी ने खुद पर लगे आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया है और यह कार्रवाई पूरी तरह राजनीतिक दबाव में की जा रही है। 



उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में हार की आशंका को देखते हुए उनके खिलाफ यह कदम उठाया गया है। वीणा मानवी ने कहा कि यह सब बीजेपी करवा रही है। मैंने कोई क्राइम नहीं किया है। चुनाव में हार के डर से मुझे फंसाया जा रहा है। जनता सब देख रही है और इसका जवाब चुनाव में देगी। उधर, पार्टी उम्मीदवार की गिरफ्तारी पर जेजेडी चीफ तेज प्रताप यादव ने भी वीडियो जारी कर इसे बीजेपी की साजिश करार दिया है।  



दूसरी ओर, पुलिस ने इस मामले को पूरी तरह कानूनी कार्रवाई बताया है। संबंधित पुलिस अधिकारी के अनुसार, वीणा मानवी के खिलाफ वर्ष 2009 में धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ था। इस मामले की एफआईआर संख्या 830/2009 है, जिसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत आरोप लगाए गए थे। 



पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अदालत की ओर से जारी आदेश के अनुपालन में ही यह गिरफ्तारी की गई है। हालांकि वीणा मानवी को इस मामले में कोर्ट से बेल मिल गई है और एक बार फिर वह पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में अपना दम दिखाने को तैयार हैं।

पटना से सूरज कुमार की रिपोर्ट..