Hindi News / career / बिहार के निजी हॉस्टल से दो मासूम छात्र लापता, CCTV दिखाने से प्रबंधन...

बिहार के निजी हॉस्टल से दो मासूम छात्र लापता, CCTV दिखाने से प्रबंधन का इनकार; परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

Bihar missing students: बेगूसराय के एक निजी आवासीय स्कूल के हॉस्टल से दो नाबालिग छात्रों के लापता होने से हड़कंप मच गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी संभावित पहलुओं पर कार्रवाई जारी है। आखिर दोनों बच्चे कैसे लापता...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 13, 2026, 5:50:38 PM

बिहार के निजी हॉस्टल से दो मासूम छात्र लापता, CCTV दिखाने से प्रबंधन का इनकार; परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

- फ़ोटो

Bihar missing students: बेगूसराय जिले के शहर स्थित एक निजी आवासीय विद्यालय के हॉस्टल से दो मासूम छात्रों के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना ने स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दोनों बच्चों के परिजन गहरे सदमे में हैं, जबकि पुलिस मामले को अत्यंत संवेदनशील मानते हुए मानव तस्करी, अपहरण और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अभी तक दोनों छात्रों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।


जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के पावर हाउस रोड स्थित एक निजी आवासीय विद्यालय के हॉस्टल से 12 जुलाई की दोपहर करीब 2:40 बजे दोनों छात्रों को आखिरी बार बाहर निकलते हुए देखा गया था। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और वे तत्काल स्कूल पहुंचे, लेकिन देर रात तक बच्चों के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।


नगर थाना में दर्ज आवेदन के अनुसार, चकिया थाना क्षेत्र के सिमरिया निवासी स्वर्गीय देवनंदन पोद्दार के पुत्र अनमोल कुमार ने अपने भतीजे के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई है। लापता छात्रों में सिमरिया निवासी अर्जुन पोद्दार का 13 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार, जो सातवीं कक्षा का छात्र है, तथा सिंघौल थाना क्षेत्र के पचंबा निवासी रामविलास पंडित का 12 वर्षीय पुत्र जिगर कुमार, जो छठी कक्षा में पढ़ता है, शामिल हैं। दोनों छात्र विद्यालय के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे थे।


परिजनों का आरोप है कि रविवार दोपहर स्कूल प्रबंधन ने फोन कर बच्चों के लापता होने की सूचना दी। जब वे विद्यालय पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि दोनों बच्चे हॉस्टल के एक अन्य छात्र के साथ बैग लेकर कहीं घूमने निकल गए हैं। हालांकि जब परिजनों ने स्कूल परिसर और गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज दिखाने की मांग की, तो स्कूल प्रबंधन ने यह कहकर इनकार कर दिया कि उस समय कैमरे बंद थे। इस जवाब के बाद परिजनों का संदेह और गहरा गया।


आदित्य कुमार के चाचा अनमोल कुमार का कहना है कि स्कूल प्रबंधन का रवैया शुरू से ही संदिग्ध रहा है। उनका आरोप है कि यदि बच्चे हॉस्टल से बाहर गए थे तो सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें क्यों नहीं रोका और कैमरे बंद होने जैसी बात भी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोनों बच्चों की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी की मांग की है।


इधर, नगर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। विद्यालय परिसर, आसपास के इलाकों तथा संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ बच्चों के संभावित ठिकानों की भी तलाश की जा रही है। पुलिस ने दोनों छात्रों की तस्वीरें सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से साझा कर आम लोगों से सहयोग की अपील की है, ताकि किसी भी सुराग के आधार पर बच्चों तक जल्द पहुंचा जा सके।


सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडे ने बताया कि दोनों छात्रों की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तेजी से कार्रवाई कर रही है तथा उम्मीद है कि जल्द ही दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।


बेगूसराय से हरेराम दास की रिपोर्ट