Hindi News / bihar / patna-news / पटना में 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ी 17 साल की लड़की,...

पटना में 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ी 17 साल की लड़की, बॉयफ्रेंड से शादी करने की जिद पर अड़ी

Bihar News: पटना के नौबतपुर में 17 वर्षीय लड़की प्रेमी से शादी की मांग को लेकर करीब 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। पुलिस ड्रोन कैमरे और बातचीत के जरिए उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश कर रही है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 13, 2026, 3:56:28 PM

Bihar News

- फ़ोटो Google

Bihar News: पटना के नौबतपुर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 17 वर्षीय एक लड़की प्रखंड परिसर के पास स्थित करीब 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। लड़की अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग पर अड़ गई और परिजनों की सहमति मिलने तक नीचे उतरने से इनकार कर दिया।



जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह लड़की अचानक मोबाइल टावर के शीर्ष पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की नजर पड़ते ही मौके पर बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई। परिजन और ग्रामीण लगातार उसे नीचे उतरने के लिए समझाते रहे, लेकिन लड़की अपनी मांग पर कायम रही। लड़की ने कहा कि जब तक उसके परिवार की ओर से प्रेमी के साथ शादी कराने का आश्वासन नहीं दिया जाएगा, तब तक वह टावर से नीचे नहीं उतरेगी।



घटना की सूचना मिलते ही नौबतपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी मंजीत ठाकुर ने बताया कि लड़की काफी ऊंचाई पर है, जिसके कारण उससे सीधे बातचीत करना मुश्किल हो रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ड्रोन कैमरे की मदद ली है। ड्रोन के जरिए लड़की तक मोबाइल फोन पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उससे बातचीत कर उसे समझाया जा सके और सुरक्षित तरीके से नीचे उतारा जा सके।



पुलिस और प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मोबाइल टावर के आसपास के पूरे इलाके को घेर लिया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और ग्रामीण मौजूद हैं। प्रशासन की ओर से लड़की को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। 



अधिकारियों का कहना है कि उनकी पहली प्राथमिकता लड़की की सुरक्षा सुनिश्चित करना है और बातचीत के जरिए उसे शांतिपूर्वक नीचे लाना है। समाचार लिखे जाने तक लड़की टावर पर ही मौजूद थी और नीचे उतरने से इनकार कर रही थी।