1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 16, 2026, 5:09:17 PM
पुलिस की बड़ी कार्रवाई - फ़ोटो सोशल मीडिया
SARAN: सारण पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री का उद्भेदन करते हुए एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया है। वही दूसरी कार्रवाई करते हुए 55 डेबिट कार्ड और 3 मोबाइल के साथ एक बदमाश को अरेस्ट किया है।
सारण पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए गरखा थाना क्षेत्र में संचालित एक अवैध हथियार निर्माण केंद्र का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से दो देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, चार खाली मैगजीन तथा हथियार बनाने और मरम्मत में प्रयुक्त बड़ी मात्रा में उपकरण बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।
एसएसपी कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि गरखा थाना क्षेत्र के साधपुर गांव स्थित एक अर्धनिर्मित मकान में अवैध हथियारों का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद गरखा थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे पीछा कर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विकाश कुमार शर्मा, पिता स्व. बैजनाथ शर्मा, ग्राम विष्णुपुरा, थाना परसा, जिला सारण के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने दो देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, चार खाली मैगजीन, एक मोटरसाइकिल के अलावा ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, वाइस मशीन, हथौड़ी, रेती, पंच, पाइप, स्प्रिंग, हेक्सा ब्लेड, कटर और अन्य कई औजार बरामद किए, जिनका उपयोग अवैध हथियार बनाने में किया जाता था।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह अवैध हथियारों के निर्माण और मरम्मत का काम करता था। उसने यह भी बताया कि मकान मालिक के संरक्षण में हथियार निर्माण के साथ-साथ अवैध शराब और हथियारों के कारोबार का संचालन किया जाता था।
इस मामले में गरखा थाना कांड संख्या 855/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए/26/35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
वही सारण में पुलिस ने दूसरी कार्रवाई की है। जिले के इसुआपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से डेबिट कार्ड रखने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 55 डेबिट कार्ड और 3 मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि इसुआपुर बाजार स्थित भारत गैस एजेंसी के पास एक व्यक्ति बड़ी संख्या में डेबिट कार्ड लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही इसुआपुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने अपनी पहचान शुभम सिंह, पिता प्पू सिंह, निवासी जसबीर कॉलोनी, गोविंदगढ़, थाना सहनेवाल, जिला लुधियाना (पंजाब) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास से 55 डेबिट कार्ड और 3 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी बरामद डेबिट कार्ड और मोबाइल से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इस मामले में इसुआपुर थाना में कांड संख्या 284/26 दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2), 317(5) एवं 318 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
सारण पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद डेबिट कार्डों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था तथा इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।
सारण से पवन सिंह की रिपोर्ट