1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 16, 2026, 9:32:06 PM
जांच में जुटी पुलिस - फ़ोटो सोशल मीडिया
ARRAH: भोजपुर जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के श्रीनगर भकुरा गांव में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बड़े भाई ने अपने छोटे भाई को गोली मार दी। गोली युवक के दाहिने सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
परिजनों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार जख्मी युवक श्रीनगर भकुरा गांव निवासी स्वर्गीय गोकुल शर्मा का 25 वर्षीय पुत्र मोनू कुमार शर्मा है। बताया जाता है कि मोनू की भाभी एक होटल में काम करती हैं। गुरुवार की शाम जब वह काम से घर लौटीं, तो मोनू ने उनसे कहा कि "भाभी, आप होटल से काम करके वापस आ गईं।" इसी बात की शिकायत भाभी ने अपने पति से कर दी।
इसके बाद बड़ा भाई घर पहुंचा और मोनू के साथ गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते दोनों भाइयों के बीच कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि इसी दौरान बड़े भाई ने हथियार निकालकर मोनू को गोली मार दी। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।